हनुमानगढ़। राजस्थान राज्य भारत स्काउट-गाइड जिला मुख्यालय हनुमानगढ़ पर आयोजित पांच दिवसीय जिला स्तरीय अनुसूचित जाति/जनजाति स्काउट-गाइड प्रशिक्षण एवं प्रकृति अध्ययन शिविरों का शनिवार को समापन हुआ। दोनों शिविरों में जिले भर से 150 से अधिक स्काउट एवं गाइड ने हिस्सा लेकर स्काउट की अवधारणा को साकार किया। शिविर के अंतिम दिन प्रात:कालीन कार्यक्रम की शुरुआत सर्वधर्म प्रार्थना सभा से हुई। इसके बाद पर्यावरण संरक्षण को लेकर जन जागरूकता रैली निकाली गई। रैली को राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय प्रेमपुरा के प्रधानाचार्य रजनीश गोदारा ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली शहर के विभिन्न मार्गांे से होते हुए निकली और आमजन को पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। रैली का मुख्य उद्देश्य पर्यावरण को शुद्ध एवं सुरक्षित रखने के लिए अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने तथा जीवनशैली में आवश्यक बदलाव लाकर प्रकृति संरक्षण में सहयोग करने के प्रति लोगों को जागरूक करना रहा। स्काउट-गाइड ने रैली के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण और प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी का संदेश दिया। मुख्य अतिथि रजनीश गोदारा ने जिलेभर के अधिक से अधिक विद्यालयों के संस्था प्रधानों से अपने-अपने विद्यालयों में स्काउट-गाइड कार्यक्रम शुरू करने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्काउट-गाइड गतिविधियां विद्यार्थियों में अनुशासन, सेवा भावना और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। सीओ स्काउट भारतभूषण ने बताया कि प्रकृति अध्ययन शिविर के दौरान स्काउट-गाइड को पर्यावरण संरक्षण से संबंधित विभिन्न जानकारियां प्रदान कर जागरूक किया गया। शिविर में पर्यावरण और प्रकृति से जुड़े विभिन्न विषयों पर अनेक गतिविधियों का आयोजन भी किया गया। शिविर के दौरान राजस्थान राज्य भारत स्काउट-गाइड की ओर से प्रतिभागी स्काउट-गाइड को यूनिफॉर्म, टी-शर्ट एवं कैप का वितरण भी किया गया।
