हनुमानगढ़। पार्टनरशिप व्यवसाय में निवेश के नाम पर करीब 20 लाख 35 हजार रुपए की धोखाधड़ी करने का मामला न्यायालय के आदेश पर भादरा पुलिस थाना में दर्ज किया गया है। पुलिस ने चार जनों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार परिवादी शिशुपाल पुत्र अमीचन्द निवासी वार्ड नंबर 21, कुटिया रोड, भादरा ने न्यायालय में इस्तगासा प्रस्तुत कर बताया कि उसका परिचय दूर के रिश्तेदारों सुनील कुमार पुत्र भवानी शंकर एवं नरेन्द्र कुमार पुत्र भवानी शंकर निवासी साहवा हाल गुजरात से था, जो ट्रांसपोर्ट व्यवसाय से जुड़े हुए हैं। परिवादी के अनुसार अगस्त 2025 में दोनों आरोपियों ने उसे अपने ट्रांसपोर्ट व्यवसाय राज ट्रांसपोर्ट कंपनी एवं दीप्ति लॉजिस्टिक में पार्टनर बनाने का प्रस्ताव दिया। इसके लिए 20 लाख रुपए निवेश की बात कही गई। आरोप है कि परिवादी ने विश्वास में आकर 11 अगस्त 2025 से 3 अक्टूबर 2025 के बीच यूपीआई, फोनपे, पेटीएम और बैंक ट्रांसफर के माध्यम से विभिन्न खातों में कुल 18 लाख 23 हजार 475 रुपए जमा करवाए। इसके अतिरिक्त 6 अक्टूबर 2025 को ऑफिस खोलने के नाम पर 10 लाख रुपए की मांग की गई। इस पर 10 लाख रुपए आरटीजीएस के माध्यम से नरेन्द्र कुमार की फर्म के खाते में ट्रांसफर किए गए। इस प्रकार कुल राशि 20 लाख 35 हजार 175 रुपए हो गए। इसके बाद परिवादी से 2 लाख 7700 रुपए नकद भी लिए जाने का आरोप है। परिवादी के अनुसार बाद में आरोपियों ने एक फर्जी पार्टनरशिप डीड भेजी और भरोसा दिलाया कि 1 जनवरी 2026 से उसे ऑफिस में पार्टनर बना दिया जाएगा। लेकिन जब वह काम संभालने पहुंचा तो उसे टालमटोल किया गया और बाद में अतिरिक्त 20 लाख रुपए की मांग कर दी गई। आरोप है कि जब परिवादी ने पैसे वापस मांगे तो आरोपियों ने उसे दो चेक (5 लाख एवं 6 लाख रुपए) दिए, लेकिन बैंक ने भुगतान रोककर चेक अनादरित कर दिए। परिवादी का आरोप है कि इसके बाद आरोपियों ने पैसे लौटाने से इनकार कर दिया और धमकी दी कि अगर कानूनी कार्रवाई की तो झूठे मुकदमे में फंसा देंगे और जान से मार देंगे। अदालत के आदेश पर पुलिस ने सुनील कुमार, नरेन्द्र कुमार तथा उनके पिता भवानी शंकर के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच उपनिरीक्षक साहबराम बाजिया को सौंपी है।
