हनुमानगढ़। हनुमानगढ़ जंक्शन के सुरेशिया क्षेत्र की एक विवाहिता ने सूरतगढ़ में पीजी संचालित करने वाली महिला पर उसका सामान और रुपए हड़पने का आरोप लगाया है। विवाहिता का आरोप है कि सामान व रुपए वापस मांगने पर पीजी मालकिन ने उसे और उसके पति को झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी। विवाहिता ने सूरतगढ़ पुलिस थाने में लिखित परिवाद प्रस्तुत कर मामले में मुकदमा दर्ज कर सामान व रुपए वापस दिलाने की मांग की है। गुरुवार को हनुमानगढ़ में मीडिया कर्मियों से बातचीत में प्रेरक्षा कंवर पत्नी जयदीप सिंह राजपूत, निवासी सुरेशिया, हनुमानगढ़ जंक्शन ने बताया कि वह सूरतगढ़ के राधेकृष्ण पीजी में 4500 रुपए मासिक किराए पर रह रही थी और नियमित रूप से किराया अदा करती थी। उसके अनुसार पीजी मालकिन संध्या प्रजापत ने किराए के अतिरिक्त उससे 2500 रुपए अग्रिम नकद भी लिए थे। प्रेरक्षा कंवर के अनुसार वह दोबारा अध्ययन के लिए सूरतगढ़ गई तो पीजी मालकिन ने उससे और रुपए की मांग की। उसने 20 सितंबर को संध्या से अपने कमरे में रखा सामान देने तथा अमानत के तौर पर दिए गए 2500 रुपए वापस करने को कहा। आरोप है कि पीजी मालकिन ने सामान और रुपए लौटाने से इनकार कर दिया तथा झूठा मुकदमा दर्ज करवाने की धमकी दी। विवाहिता का आरोप है कि जब उसके पति जयदीप सिंह ने भी पीजी मालकिन से बात की तो उन्हें भी झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी गई। प्रेरक्षा कंवर ने बताया कि उसने इस संबंध में 21 सितंबर को ऑनलाइन शिकायत भी दर्ज करवाई थी। विवाहिता ने आरोप लगाया कि पीजी मालकिन उसका सामान और रुपए अपने पास रखकर वापस नहीं करना चाहती तथा अब उनके खिलाफ झूठा मुकदमा दर्ज करवाने का प्रयास कर रही है। उसने सूरतगढ़ थाना पुलिस से पीजी मालकिन के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कानूनी कार्रवाई करने तथा उसका सामान व रुपए वापस दिलवाने की मांग की है।
