टिब्बी। मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार आमजन की समस्याओं के प्रभावी और त्वरित समाधान के उद्देश्य से गुरुवार को जिले की सभी ग्राम पंचायतों में ग्राम पंचायत स्तरीय जनसुनवाई आयोजित की गई। यह जनसुनवाई त्रिस्तरीय जनसुनवाई व्यवस्था के तहत मुख्य सचिव द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुरूप संपन्न हुई।

टिब्बी क्षेत्र की ग्राम पंचायत पीरकामड़िया में आयोजित जनसुनवाई में जिला कलेक्टर डॉ. खुशाल यादव ने ग्रामीणों की परिवेदनाएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि आमजन को शीघ्र राहत मिल सके। जनसुनवाई के पश्चात जिला कलेक्टर ने क्षेत्र में स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिर, पशु चिकित्सालय, राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय तथा सहकारी समिति के मिनी बैंक का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल के विभिन्न वार्डों की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए चिकित्सा सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जनसुनवाई के दौरान प्राप्त सभी प्रकरणों को विधिवत दर्ज कर आवेदकों को रसीद उपलब्ध कराई गई।

साथ ही निर्देश दिए गए कि सभी मामलों को तीन दिनों के भीतर राजस्थान संपर्क पोर्टल पर दर्ज कर उनकी नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए। इस अवसर पर टिब्बी एसडीएम सत्यनारायण सुथार, तहसीलदार हरीश टाक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

जनसुनवाई में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर अपनी समस्याएं प्रशासन के समक्ष रखीं।
