हनुमानगढ़। चिकित्सा, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के अंतर्गत राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, राजस्थान द्वारा संचालित शहरी आयुष्मान आरोग्य मंदिरों (जनता क्लिनिक) में मरीजों को देखने के समय में संशोधन किया गया है। यह नई व्यवस्था तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नवनीत शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के निदेशक डॉ. सुशील कुमार परमार द्वारा जारी आदेश के अनुसार अब ग्रीष्म एवं शीत ऋतु के लिए अलग-अलग समय निर्धारित किए गए हैं, ताकि आमजन को बेहतर और सुविधाजनक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें। उन्होंने बताया कि ग्रीष्म ऋतु (1 अप्रैल से 30 सितंबर) के दौरान मरीजों को देखने का समय प्रातः 8 बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा सायं 5 बजे से 7 बजे तक रहेगा। वहीं शीत ऋतु (1 अक्टूबर से 31 मार्च) में मरीजों को देखने का समय प्रातः 9 बजे से दोपहर 1 बजे तक और सायं 4 बजे से 6 बजे तक निर्धारित किया गया है। इसके अलावा रविवार एवं राजपत्रित अवकाश के दिनों में मरीजों को देखने का समय प्रातः 9 बजे से 11 बजे तक रहेगा। इस आदेश के माध्यम से प्रदेशभर में संचालित शहरी आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में मरीजों को निर्धारित समयानुसार स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। सीएमएचओ डॉ. नवनीत शर्मा ने आमजन से अपील की है कि वे निर्धारित समय के अनुसार स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाएं।
