नोहर। स्वर्गीय मोहन लाल थिरानी की 34वीं पुण्यतिथि के अवसर पर 7 मार्च शनिवार को अग्रसेन भवन में जिला अंधता निवारण समिति के तत्वावधान में नि:शुल्क नेत्र चिकित्सा शिविर का आयोजन किया जाएगा। यह शिविर थिरानी परिवार, उत्तरी राजस्थान प्रादेशिक माहेश्वरी सभा, माहेश्वरी समाज नोहर तथा आचार्य श्री नानेश रोटरी नेत्र चिकित्सालय, गंगाशहर (बीकानेर) के संयुक्त सहयोग से आयोजित होगा। शिविर की तैयारियों को लेकर बुधवार को पचिसिया अतिथि गृह में एक बैठक आयोजित की गई, जिसमें कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियां तय की गईं। संयोजक राजेंद्र थिरानी और पवन चांडक ने बताया कि शिविर में प्रख्यात नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. आशीष जोशी (सर्जन) अपनी सेवाएं देंगे। शिविर में मरीजों की जांच व भर्ती 7 मार्च को सुबह 9 बजे से दोपहर 2 बजे तक की जाएगी। उन्होंने बताया कि शिविर में चयनित मरीजों के मोतियाबिंद के ऑपरेशन 8 मार्च को आचार्य श्री नानेश रोटरी नेत्र चिकित्सालय, बीकानेर में बिना चीरे और बिना टांके की आधुनिक तकनीक से किए जाएंगे। शिविर में भर्ती होने वाले मरीजों को दवाइयां, चश्मे, भोजन, बिस्किट, चाय, दूध, बिस्तर तथा आने-जाने की सुविधा पूरी तरह नि:शुल्क उपलब्ध करवाई जाएगी। आयोजकों ने बताया कि ऑपरेशन हेतु चयनित मरीजों को अपने साथ पहचान-पत्र और आधार कार्ड की फोटो कॉपी अवश्य लानी होगी।
