– आरोप-नशे के खिलाफ सख्ती से बौखलाए कारोबारी और कुछ राजनीतिक लोग बना रहे दबाव- बोले-नशा तस्करों के दबाव में नहीं होना चाहिए तबादला
हनुमानगढ़। पीलीबंगा थाना प्रभारी रायसिंह के समर्थन में गुरुवार को सर्वसमाज के लोगों ने मोर्चा खोल दिया। जंक्शन स्थित जांगिड़ सुथार समाज धर्मशाला में आयोजित बैठक में थाना प्रभारी की कार्यप्रणाली की सराहना करते हुए उनके तबादले की मांग का विरोध किया गया। बैठक के बाद सर्वसमाज एवं पीलीबंगा के आमजन की ओर से जिला कलक्ट्रेट के समक्ष विरोध प्रदर्शन किया गया। साथ ही एडीएम और पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर नशे के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई कर रहे थाना प्रभारी को यथावत रखने की मांग की गई। सर्वसमाज की ओर से कहा गया कि पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी रायसिंह क्षेत्र में अवैध नशे के कारोबार, मादक पदार्थांे की तस्करी और अन्य आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ लगातार निष्पक्ष एवं प्रभावी कार्रवाई कर रहे हैं। इससे आमजन का कानून व्यवस्था पर विश्वास बढ़ा है और क्षेत्र में स्मैक, चिट्टा, नशीली गोलियों सहित अन्य मादक पदार्थांे के कारोबार पर काफी हद तक अंकुश लगा है।उन्होंने आरोप लगाया कि थाना प्रभारी की सख्त कार्रवाई कुछ स्वार्थी राजनीतिक लोगों और नशे के कारोबार से जुड़े तत्वों को रास नहीं आ रही है। इसी कारण उनके खिलाफ माहौल बनाकर तबादले का दबाव बनाया जा रहा है। सर्वसमाज के नागरिकों ने हाल ही की एक घटना का उल्लेख करते हुए कहा कि गत दिनों थाना प्रभारी रायसिंह ने नियमित जांच के दौरान नशे के संभावित ठिकाने के पास खड़ी एक संदिग्ध गाड़ी की जांच की थी, जिसे कुछ लोगों ने अनावश्यक रूप से प्रतिष्ठा का विषय बनाकर राजनीतिक रंग दे दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि एक व्यक्ति विशेष और जाति विशेष के पक्ष में राजनीतिक दबाव बनाने का प्रयास किया जा रहा है, जिसकी सर्वसमाज ने निंदा की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि राजनीतिक दबाव में आकर थाना प्रभारी के खिलाफ कार्रवाई की गई तो इससे नशे के विरुद्ध ईमानदारी से कार्य करने वाले पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों का मनोबल प्रभावित होगा तथा जिले में चल रहे नशामुक्ति अभियान पर भी प्रतिकूल असर पड़ेगा। सर्वसमाज ने मांग की कि निराधार एवं दुर्भावनापूर्ण शिकायतों पर ध्यान न देकर ईमानदारी और निष्पक्षता से कार्य कर रहे थाना प्रभारी रायसिंह को पूरा समर्थन दिया जाए, ताकि क्षेत्र में कानून व्यवस्था और नशे के खिलाफ अभियान प्रभावी रूप से जारी रह सके। इस मौके पर प्रेमराज नायक, मुकेश भार्गव, रामप्रताप भाट, सोहनलाल लदोईया, सुरेन्द्र मारवाल, अशोक कुमार, संदीप घोड़ेला, ओपी सूमरा, सुनीता चौधरी, देवीलाल भाटी, सिकन्दर सिंह, गुरप्रीत सिंह, गजेन्द्र, राजू सुथार, विजय भाट, साहबराम, हरबंस औलख सहित सर्वसमाज के कई लोग मौजूद थे।
