ऐलनाबाद। पुलिस और आमजन के बीच बेहतर समन्वय को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से डिंग थाना क्षेत्र के गांव बरुवाली में पुलिस–पब्लिक समन्वय बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता डीएसपी राज सिंह ने की। बैठक का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र को नशा मुक्त एवं अपराध मुक्त बनाने के लिए जनसहयोग को बढ़ावा देना रहा। डीएसपी राज सिंह ने उपस्थित ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि पुलिस और जनता के परस्पर सहयोग से ही अपराध एवं गैरकानूनी गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण संभव है। उन्होंने कहा कि पुलिस और पब्लिक एक-दूसरे के पूरक हैं तथा किसी भी अभियान की शत-प्रतिशत सफलता के लिए जनभागीदारी अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने आमजन से अपील की कि अपराधियों एवं गैरकानूनी गतिविधियों से जुड़े लोगों की सूचना समय रहते पुलिस को दें, ताकि त्वरित कार्रवाई की जा सके। उन्होंने बताया कि एसपी के निर्देशानुसार सिरसा पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ सख्त अभियान चलाया जा रहा है, जिसमें प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भूमिका जरूरी है। नशा समाज की जड़ों को कमजोर करता है, इसलिए इसे जड़ से समाप्त करने के लिए सामूहिक प्रयास अनिवार्य हैं। डीएसपी ने विश्वास जताया कि पुलिस और आमजन के सहयोग से क्षेत्र को पूरी तरह नशा व अपराध मुक्त बनाया जा सकता है। बैठक में यह भी आह्वान किया गया कि गांवों व शहरों में होने वाले छोटे-मोटे आपसी विवादों को पंचायत स्तर पर सुलझाने का प्रयास किया जाए, जिससे भाईचारा मजबूत होगा और अनावश्यक कानूनी प्रक्रियाओं से बचा जा सकेगा। उन्होंने कहा कि पुलिस की कार्यप्रणाली से आम आदमी का जीवन सीधे जुड़ा है, इसलिए पारदर्शिता और निरंतर संवाद के माध्यम से विश्वास को और मजबूत किया जाना चाहिए। साथ ही यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने में भी ग्रामीणों से सहयोग की अपील की गई। इस अवसर पर डिंग थाना प्रभारी सब-इंस्पेक्टर संदीप सिंह ने ग्रामीणों से रात्रि के समय ठीकरी पहरा सुनिश्चित करने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल सूचना पुलिस को देने का आग्रह किया। बैठक में उपस्थित गणमान्य व्यक्तियों एवं ग्रामीणों ने जिला पुलिस को पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया और नशे व अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियानों में सक्रिय भागीदारी का संकल्प लिया।
