हनुमानगढ़। अखिल भारतीय राजस्थान शैक्षिक महासंघ (विद्यालय शिक्षा) खंड टिब्बी की बैठक टिब्बी के गायत्री शक्तिपीठ में सुनील कुमार शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में संगठन विस्तार, खंड कार्यकारिणी के गठन तथा शिक्षकों की विभिन्न समस्याओं पर चर्चा की गई। बैठक में खंड मंत्री उदाराम गोस्वामी ने संगठन के आगामी कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए शिक्षकों से सक्रिय सहभागिता का आह्वान किया। वहीं विभाग संगठन मंत्री राकेश भार्गव ने महासंघ की अखिल भारतीय स्तर पर संबद्धता, संगठन की कार्यप्रणाली एवं कार्यकारिणी गठन की मनोनयन प्रक्रिया की जानकारी दी। बैठक में शिक्षकों की लंबित समस्याओं पर भी गंभीरता से मंथन हुआ। इस दौरान सीबीईओ कार्यालय के प्रतिनिधि एसीबीईओ प्रथम रोहताश चुघ, संदर्भ व्यक्ति सौरभ बंसल तथा पवन भादू भी मौजूद रहे। एसीबीईओ प्रथम रोहताश चुघ ने विभाग की विभिन्न योजनाओं और लंबित कार्यांे के शीघ्र निस्तारण के लिए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। शिक्षक हितों पर चर्चा करते हुए पवन मुद्गल ने पे-प्रोटेक्शन, डीपीसी और तृतीय श्रेणी शिक्षकों के स्थानांतरण जैसे महत्वपूर्ण विषय उठाए। वहीं अध्यक्ष सुनील कुमार शर्मा ने अपने संबोधन में नशा मुक्त समाज के निर्माण में शिक्षकों की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए सभी शिक्षकों से सामाजिक जागरूकता अभियान में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया। बैठक में गौरीशंकर सुथार, सुभाष मांडण, सुभाष सेन, विशाल सिंह, नरेश कुमार, पिंटू वर्मा, गोविंदराम, सुखविंद्र सिंह, राजेश दुगेसर, ओमप्रकाश कासनिया, सुधीर वर्मा, संतोष देवी, परिका, कृष्ण कुमार, सुनील नेहरा, कुलदीप सोलड़ा, सुभाष डूडी, सुरेंद्र करनावल, भंवरलाल शर्मा, दीपक स्वामी, रविंद्र सिंह राठौड़, इंद्रजीत सिंह, चिमनलाल सहित कई शिक्षक एवं संगठन के सदस्य मौजूद रहे।
