– पौधारोपण कर लिया हरित भविष्य का संकल्प, ब्रिक्स सतत जीवनशैली सप्ताह के तहत आयोजन
हनुमानगढ़। टाउन स्थित नेहरू मेमोरियल विधि महाविद्यालय में मंगलवार को ‘ब्रिक्स सतत जीवनशैली सप्ताह’ के तहत पोस्टर, मॉडल प्रदर्शन, भाषण एवं पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किए गए। पर्यावरण विभाग, राजस्थान सरकार, आयुक्तालय कॉलेज शिक्षा, राजस्थान तथा डॉ. भीमराव अंबेडकर विधि विश्वविद्यालय, जयपुर के निर्देशानुसार एक नवम्बर से सप्ताह के तहत विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। कार्यक्रम में प्राचार्य डॉ. सीताराम ने पर्यावरण संरक्षण का महत्व बताते हुए कहा कि स्वच्छ एवं सुरक्षित पर्यावरण बनाए रखना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। उन्होंने विद्यार्थियों को दैनिक जीवन में पर्यावरण अनुकूल आदतें अपनाने और समाज में जागरूकता फैलाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में ऊर्जा संरक्षण, जल संरक्षण, कचरा संग्रहण, सिंगल यूज प्लास्टिक, ई-वेस्ट, योग, स्वस्थ खान-पान एवं स्वस्थ जीवनशैली जैसे विषयों पर चर्चा की गई। विधि प्रथम सेमेस्टर के विद्यार्थी निधि, नीलम, अजय कुमार, भूपेंद्र, राकेश कुमार, रोहित शर्मा, जसकरण एवं शीशपाल ने पर्यावरण संरक्षण और सतत जीवनशैली के विभिन्न पहलुओं पर विचार व्यक्त किए। छात्राओं सुदेश, कशिश एवं गगनदीप ने पर्यावरण संरक्षण विषय पर पोस्टर तैयार किए, जबकि डिम्पल, निशु एवं मुस्कान ने पर्यावरण से संबंधित मॉडल प्रस्तुत किए। कार्यक्रम के दूसरे सत्र में भरत, अमर सिंह सहित सभी विद्यार्थियों ने महाविद्यालय परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। इस दौरान वृक्षों के महत्व तथा हरित एवं स्वच्छ पर्यावरण के निर्माण में सामूहिक भागीदारी का संदेश दिया गया। सहायक आचार्य डॉ. दिनेश खोथ ने बताया कि सप्ताह का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं आमजन में पर्यावरण संरक्षण, प्राकृतिक संसाधनों के विवेकपूर्ण उपयोग और पर्यावरण अनुकूल जीवनशैली के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। उन्होंने जल एवं ऊर्जा संरक्षण, प्लास्टिक का उपयोग कम करने तथा कचरे के उचित प्रबंधन की आवश्यकता पर भी प्रकाश डाला। प्राचार्य ने विद्यार्थियों को पर्यावरण के प्रति संवेदनशीलता विकसित करने और सतत विकास की दिशा में सक्रिय भूमिका निभाने की शपथ दिलाई। इस मौके पर महाविद्यालय के शैक्षणिक एवं अशैक्षणिक कर्मचारी तथा विद्यार्थी मौजूद रहे।
