हनुमानगढ़। जिला प्रशासन की ओर से प्रतिबंधित घोषित टेपेंटाडोल हाइड्रोक्लोराइड गोलियों की बिक्री और परिवहन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए टाउन थाना पुलिस ने एक युवक को 190 गोलियों के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से बिना नम्बर की मोटर साइकिल भी जब्त की है। पुलिस के अनुसार लखूवाली पुलिस चौकी प्रभारी एएसआई किशोर सिंह अपनी टीम के साथ शुक्रवार शाम मेगा हाइवे पर लखूवाली से मैनावाली बस स्टैंड की तरफ में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान हनुमान मंदिर के पास मुखबिर से सूचना मिली कि चक 15 आरपी की ओर से एक व्यक्ति मोटर साइकिल पर प्रतिबंधित टेपेंटाडोल हाइड्रोक्लोराइड टैबलेट लेकर आ रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने चक 15 आरपी लिंक रोड पर नाकाबंदी की। वहां एक युवक मोटर साइकिल पर आता दिखाई दिया, जिसने पुलिस वाहन देखकर वापस मुड़कर भागने का प्रयास किया। पुलिस ने उसे पकड़कर पूछताछ की तो उसने अपना नाम 35 वर्षीय अरशाद पुत्र बरकत अली उर्फ भूरे खां निवासी वार्ड नम्बर 13, लखूवाली बताया। तलाशी के दौरान मोटर साइकिल के आगे लगे बैग से एक डिब्बा बरामद हुआ, जिसमें टेपेंटाडोल हाइड्रोक्लोराइड (टैनेडोल 100) की 19 स्ट्रिप मिलीं। प्रत्येक स्ट्रिप में 10-10 गोलियां थीं। इस प्रकार कुल 190 गोलियां बरामद हुईं। पुलिस पूछताछ में आरोपी कोई लाइसेंस, परमिट अथवा चिकित्सकीय पर्ची प्रस्तुत नहीं कर सका। आरोपी ने बताया कि वह गोलियां स्वयं सेवन करने और नशा करने वालों को बेचने के लिए लाया था। उसने यह टैबलेट 32 एनडीआर से एक लड़के से ली थीं। पुलिस के अनुसार जिला कलक्टर के आदेश से हनुमानगढ़ जिले में टेपेंटाडोल हाइड्रोक्लोराइड टैबलेट की खुली एवं अनियंत्रित बिक्री पर प्रतिबंध लगाया गया है। ऐसे में आरोपी का कृत्य भारतीय न्याय संहिता की धारा के तहत दंडनीय पाए जाने पर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने बरामद 190 गोलियों को सील कर जब्त कर लिया तथा घटना में प्रयुक्त बिना नम्बर की मोटर साइकिल भी कब्जे में ली। मामले की जांच एएसआई जसवंत सिंह को सौंपी गई है। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में एएसआई किशोर सिंह, कांस्टेबल रामनारायण तथा राकेश कुमार शामिल रहे।
