- जोड़किया में जिला स्तरीय आयोजन, चारों विद्यार्थी राज्य स्तर पर करेंगे हनुमानगढ़ का प्रतिनिधित्व
हनुमानगढ़। राजस्थान स्कूल शिक्षा परिषद के तत्वावधान में समग्र शिक्षा हनुमानगढ़ की ओर से जिला स्तरीय प्रबल कार्यक्रम का आयोजन 12 व 13 अक्टूबर को पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, जोड़कियां में किया गया। कार्यक्रम में जिले के सभी सात ब्लॉकों से चयनित 14 विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। इसमें विद्यार्थियों ने नाट्य प्रदर्शन, भाषण, आशु भाषण, पैनल चर्चा और फोकस ग्रुप चर्चा जैसी गतिविधियों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में 21वीं सदी के आवश्यक कौशल विकसित करना था। इनमें जीवन कौशल, वित्तीय साक्षरता, नेतृत्व क्षमता, जलवायु परिवर्तन के प्रति जागरूकता और नागरिकता से जुड़े विषय शामिल रहे। जिला स्तर पर चयनित विद्यार्थियों को उनकी रुचि और प्रदर्शन के आधार पर नाट्य प्रदर्शन, भाषण अथवा आशु भाषण और पैनल चर्चा जैसी गतिविधियों में हिस्सा लेने का अवसर दिया गया। मंगलवार को आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रू में जिला शिक्षा अधिकारी पन्नालाल कड़ेला व एडीपीसी सुनीता भटेजा मौजूद रहे। मुख्य अतिथि पन्नालाल कड़ेला ने कहा कि केवल किताबी ज्ञान से काम नहीं चलेगा, बल्कि प्रत्येक व्यक्ति के पास कम से कम एक कौशल होना आवश्यक है। विद्यार्थियों को विभाग के निर्धारित 14 कौशलों में से चार-पांच कौशलों में दक्षता हासिल करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि पीएम श्री विद्यालयों में विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा निखारने के लिए इस तरह के मंच उपलब्ध करवाए जा रहे हैं। इन विद्यालयों में व्यावसायिक शिक्षा की सुविधा भी है, जिसके माध्यम से विद्यार्थी विभिन्न कौशल अर्जित कर सकते हैं। कड़ेला ने कहा कि विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, अभिव्यक्ति और सम्प्रेषण जैसे कौशल विकसित होना जरूरी है। राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 की अवधारणा भी यही है कि प्रत्येक व्यक्ति के पास कोई न कोई हुनर अवश्य होना चाहिए। यह हुनर बोलने, नेतृत्व करने अथवा किसी अन्य क्षेत्र से संबंधित हो सकता है। जब विद्यार्थी किताबी ज्ञान के साथ व्यावहारिक कौशल भी हासिल करेंगे, तभी शिक्षा का वास्तविक उद्देश्य पूरा होगा। इस मौके पर समग्र शिक्षा से एपीसी संजय भार्गव, विजय गोदारा, पीओ विकास शर्मा, डाइट प्राचार्य मधुबाला, वरिष्ठ व्याख्याता लक्ष्मी नारायण और प्राचार्या सुनीता यादव सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में वरिष्ठ व्याख्याता लक्ष्मी नारायण, प्राचार्या सुनीता यादव, पीओ विकास शर्मा और उपप्राचार्य राजेश सहारण शामिल रहे।
चार विद्यार्थी राज्य स्तर पर करेंगे जिले का प्रतिनिधित्व
प्रधानाचार्य पवन कौशिक ने बताया कि प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले चार विद्यार्थियों का चयन किया गया है। ये विद्यार्थी अब राज्य स्तरीय कार्यक्रम में हनुमानगढ़ जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे। प्रतियोगिता के छात्रा वर्ग में पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, संगरिया की कक्षा 12 की छात्रा मानवी ने प्रथम, महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय नंबर 1, नोहर की कक्षा 12 की छात्रा नाजमीन ने द्वितीय स्थान हासिल किया। छात्र वर्ग में पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, हनुमानगढ़ जंक्शन की कक्षा 12 के छात्र किशन ने प्रथम, पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, संगरिया के कक्षा 12 के छात्र रोहित ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। विजेता और प्रतिभागी विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र एवं स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया।
