– हनुमानगढ़ सर्किल में 65 करोड़ रुपए बकाया, नगर परिषद पर अकेले 12 करोड़ की देनदारी
हनुमानगढ़। दीपावली पर उपभोक्ताओं को निर्बाध बिजली आपूर्ति उपलब्ध करवाने के लिए जोधपुर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड ने तैयारियां तेज कर दी हैं। हनुमानगढ़ सर्किल के हनुमानगढ़ और संगरिया डिविजन की मंगलवार को आयोजित समीक्षा बैठक में बिजली आपूर्ति, राजस्व वसूली, लाइन लॉस, लंबित कनेक्शन और दीपावली से पहले किए जाने वाले मेंटेनेंस कार्यांे की समीक्षा की गई। अधीक्षण अभियंता आरसी चारण की अध्यक्षता में हुई बैठक में अधिकारियों को निर्धारित समय में आवश्यक कार्य पूरे करने के निर्देश दिए गए। अधीक्षण अभियंता आरसी चारण ने बताया कि हनुमानगढ़ सर्किल में सितंबर तक राजस्व वसूली 91 प्रतिशत रही है, जबकि लक्ष्य 100 प्रतिशत वसूली का है। घरेलू, सरकारी सहित अन्य नियमित उपभोक्ताओं पर करीब 65 करोड़ रुपए बकाया हैं। इनमें नगर परिषद पर लगभग 12 करोड़ रुपए की बकाया राशि शामिल है। बैठक में राजस्व वसूली में तेजी लाने और लंबित कनेक्शनों सहित अन्य बिंदुओं पर आवश्यक कार्रवाई करने की समीक्षा की गई। चारण ने बताया कि दीपावली पर निर्बाध विद्युत आपूर्ति बनाए रखने के लिए मेंटेनेंस कार्य शुरू करवाया जा रहा है। प्रयास रहेगा कि अक्टूबर अंत तक सभी आवश्यक रखरखाव कार्य पूरे कर लिए जाएं, ताकि त्योहार के दौरान शटडाउन की आवश्यकता नहीं पड़े। इसके लिए सब डिविजन स्तर पर टीमें गठित की गई हैं, जिनमें एफआरटी की टीमें भी शामिल हैं। ये टीमें निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार फीडरवार मेंटेनेंस करेंगी। मेंटेनेंस के दौरान ट्रांसफार्मरों की जांच और आवश्यक रखरखाव किया जाएगा। जिन क्षेत्रों में बिजली का लोड अधिक है, वहां जरूरत के अनुसार अतिरिक्त ट्रांसफार्मर भी लगाए जाएंगे। निगम का मुख्य उद्देश्य दीपावली के दौरान उपभोक्ताओं को सुचारू और निर्बाध बिजली आपूर्ति उपलब्ध करवाना है।
पीएम सूर्यघर योजना में डिस्कॉम में दूसरे स्थान पर हनुमानगढ़
अधीक्षण अभियंता ने बताया कि पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के क्रियान्वयन में हनुमानगढ़ सर्किल जोधपुर डिस्कॉम में दूसरे स्थान पर है। योजना के तहत अब तक करीब 18,500 कनेक्शन हो चुके हैं। बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि योजना के तहत प्राप्त होने वाले आवेदनों का निर्धारित समय सीमा में निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि पात्र उपभोक्ताओं को योजना का लाभ समय पर मिल सके।
