हनुमानगढ़। जिले के कस्बा भादरा में फर्जी बायोमैट्रिक्स के जरिए आधार कार्ड बनाने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए भिरानी थाना पुलिस ने तीन वांछित आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इससे पहले 18 अप्रैल को एटीएस जयपुर, एजीटीएफ हनुमानगढ़ और भादरा थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में गिरोह से जुड़े मुख्य आरोपी कुलदीप शर्मा को गिरफ्तार किया गया था। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अरविंद बिश्नोई ने बताया कि 17 अप्रैल को अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस एटीएस एवं एजीटीएफ दिनेश एमएन तथा पुलिस अधीक्षक नरेंद्र सिंह मीना के निर्देशन में एटीएस जयपुर, एजीटीएफ हनुमानगढ़ प्रभारी कर्ण सिंह (उप पुलिस अधीक्षक) और भादरा थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए कस्बा भादरा स्थित एक अवैध आधार सेंटर पर छापेमारी की। यहां से आरोपी कुलदीप शर्मा (28) पुत्र मदन शर्मा निवासी बैरवाल पीएस भादरा को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से लैपटॉप, प्रिंटर, आईरिस डिवाइस, जीपीएस डिवाइस, फिंगरप्रिंट डाई, कैमरा और मोबाइल फोन बरामद किए गए। आरोपी के खिलाफ बीएनएसएस एवं आईटी एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एजीटीएफ प्रभारी कर्ण सिंह के सुपरविजन तथा भिरानी थाना प्रभारी लखवीर सिंह के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मानवीय एवं तकनीकी सूचनाओं के आधार पर तीन अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में जसवंत (32) पुत्र भांकर लाल मेघवाल निवासी वार्ड नंबर 5, श्मशान भूमि रोड, रावतसर, अमीर खान (27) पुत्र फारुख खाह्व निवासी वार्ड नंबर 7, न्यू जामा मस्जिद के पास, रावतसर व बलराम (35) पुत्र सीताराम कुम्हार निवासी 9 डीडब्ल्यूएम, पीएस रावतसर शामिल हैं।
राष्ट्र विरोधी गतिविधियों में इस्तेमाल की संभावना
पुलिस के अनुसार गिरोह की ओर से बनाए गए फर्जी आधार कार्ड का इस्तेमाल राष्ट्र विरोधी गतिविधियों, फर्जी सिम जारी करने और साइबर अपराधों के लिए बैंक खाते खुलवाने में किया जा सकता था। पुलिस अब यूआईडीएआई व डीओआईटी के साथ समन्वय कर यह जानकारी जुटा रही है कि अब तक कितने फर्जी आधार कार्ड बनाए गए हैं। मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है तथा नेटवर्क से जुड़े लोगों के संबंध में गहन पूछताछ की जा रही है। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में भिरानी थाना प्रभारी लखवीर सिंह, कांस्टेबल अजय, संदीप व देवीलाल शामिल रहे। वहीं जिला विशेष टीम सेक्टर नोहर के हेड कांस्टेबल सुखदेव सिंह, कांस्टेबल मनीष कुमार, रोशन लाल और अमित कुमार का भी सराहनीय सहयोग रहा।
