हनुमानगढ़। संगरिया के टिब्बी बस स्टैंड क्षेत्र से एक मोटर साइकिल चोरी होने का मामला सामने आया है। संगरिया थाना पुलिस ने पीड़ित की रिपोर्ट पर अज्ञात चोर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार हरियाणा के सिरसा जिले के अबूबशहर निवासी 65 वर्षीय कृष्णलाल पुत्र लाधूराम ने रिपोर्ट दर्ज करवाई कि वह अपने भाई साहबराम के नाम दर्ज मोटर साइकिल नम्बर एचआर 25 जे 9337 लेकर संगरिया आया था। रिपोर्ट में बताया गया कि 29 मई को वह सामान लेने के लिए टिब्बी बस स्टैंड पहुंचा और शाम करीब 4 बजे अपनी मोटर साइकिल बस स्टैंड के पास खड़ी कर दी। कुछ समय बाद लौटकर देखा तो मोटर साइकिल वहां नहीं थी। काफी तलाश के बावजूद बाइक का कोई पता नहीं चला। शिकायतकर्ता ने बताया कि मोटर साइकिल के टूल बॉक्स में वाहन की आरसी और अन्य आवश्यक दस्तावेज भी रखे हुए थे, जो बाइक के साथ ही चोरी हो गए। उन्होंने पुलिस को बताया कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच से चोरी की वारदात का सुराग मिल सकता है। मामले की सूचना मिलने पर संगरिया थाना पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। मामले की जांच हेड कांस्टेबल भागचंद को सौंपी गई है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर चोर की तलाश में जुटी हुई है।
