– यातायात शाखा ने करीब 10 वाहन किए सीज, नियमों की अनदेखी करने वालों को दी चेतावनी
हनुमानगढ़। सड़क सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए यातायात पुलिस द्वारा चलाए जा रहे अभियान के तहत मंगलवार को बिना आवश्यक दस्तावेजों के संचालित हो रहे वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई। यातायात शाखा प्रभारी अनिल चिन्दा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने करीब 10 ई-रिक्शा और टेम्पो को सीज किया। यातायात शाखा प्रभारी अनिल चिन्दा ने बताया कि लगातार मिल रही शिकायतों के आधार पर यह कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा कि यातायात पुलिस नियमों के अनुसार कार्रवाई कर रही है और सड़क सुरक्षा से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने बताया कि सोमवार को भी कई ई-रिक्शा और टेम्पो के खिलाफ कार्रवाई की गई थी। जांच के दौरान कुछ मामलों में नाबालिग बच्चों द्वारा ई-रिक्शा चलाते हुए पाए जाने पर उनके अभिभावकों को बुलाकर समझाइश की गई और भविष्य में ऐसी लापरवाही नहीं बरतने की सख्त हिदायत दी गई। चिन्दा ने कहा कि वाहन जांच के दौरान यदि वाहन चालक वाहन का पंजीकरण प्रमाण-पत्र (आरसी) प्रस्तुत नहीं कर पाता है तो नियमानुसार वाहन को सीज किया जाता है। इस मामले में निर्धारित नियमों के तहत जुर्माना भी लगाया जाता है। यातायात शाखा प्रभारी ने ई-रिक्शा चालकों द्वारा टेम्पो चालकों के साथ मिलीभगत के लगाए गए आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि पुलिस का उद्देश्य केवल यातायात व्यवस्था बनाए रखना और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान विभिन्न प्रकार के आरोप-प्रत्यारोप लगते रहते हैं, लेकिन पुलिस निष्पक्ष रूप से सभी के खिलाफ समान रूप से कार्रवाई कर रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यातायात नियमों की अवहेलना किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सड़क सुरक्षा के मद्देनजर यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
