हनुमानगढ़। भादरा तहसील के अनूपशहर ग्राम के महात्मा गांधी इंग्लिश मीडियम स्कूल में अतिरिक्त प्रशासनिक कार्यभार को लेकर ग्रामीणों व स्टूडेंट फेडरेशन ऑफ इंडिया कार्यकर्ताओं ने सोमवार को जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर बीएलओ कार्य से कार्मिक को मुक्त करने की मांग की। ज्ञापन में बताया गया कि विद्यालय में कुल 103 विद्यार्थियों का नामांकन है तथा 8 कार्मिक कार्यरत हैं, जिनमें से पहले से ही एक प्रगणक नियुक्त है। इसके बावजूद अब अमजद खान को भी बीएलओ के रूप में एमजीजीएस अनूपशहर से लगाया गया है, जिससे विद्यालय के शिक्षण कार्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि अनूपशहर के अन्य राजकीय विद्यालयों-राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय एवं राजकीय उच्च प्राथमिक (संस्कृत) विद्यालय-में पर्याप्त स्टाफ होने के बावजूद वहां से किसी भी कार्मिक को अतिरिक्त चार्ज नहीं दिया गया, जबकि एमजीजीएस विद्यालय के स्टाफ पर लगातार अतिरिक्त जिम्मेदारियां डाली जा रही हैं। ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि वर्तमान में 8 में से 5 कार्मिकों को जनगणना कार्य में लगा दिया गया है, जिससे शेष स्टाफ पर कार्यभार और अधिक बढ़ गया है तथा विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित होने की आशंका है। इस संबंध में एसएफआई कार्यकर्ताओं व ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मांग की कि अमजद खान को बीएलओ कार्य से कार्यमुक्त किया जाए, ताकि विद्यालय में शैक्षणिक गतिविधियां सुचारू रूप से संचालित हो सकें। इस मौके पर छात्रसंघ के पूर्व अध्यक्ष महेन्द्र शर्मा, आनन्दराम, पवन कुमार, विजय कुमार, हरमनदीप कौर, मदीना, दीपिका, पायल, अनिशा शर्मा मौजूद रहे।
