बीकानेर। राजस्थान के बीकानेर जिले में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां एक पति ने अपनी पत्नी की हत्या कर उसका शव खेत में फेंक दिया और करीब दो घंटे बाद खुद थाने पहुंचकर आत्मसमर्पण कर दिया। आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसने अपनी पत्नी की हत्या कर दी है। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है। यह मामला खाजूवाला थाना क्षेत्र के 9 डीडब्ल्यूडी गांव का है। पुलिस के अनुसार गुरुवार 2 अप्रैल 2026 को दोपहर करीब 1:15 बजे हरप्रीत सिंह, जो कि 8 डीडब्लूएम गांव का निवासी है, खाजूवाला थाने पहुंचा। उसने पुलिस को बताया कि उसने अपनी पत्नी जसवीर कौर की हत्या कर दी है और उसका शव 9 डीडब्ल्यूडी गांव के एक खेत में पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत बताए गए स्थान पर पहुंची। वहां खेत में झाड़ियों के बीच एक महिला का शव पड़ा मिला, जिसकी पहचान जसवीर कौर के रूप में हुई। घटनास्थल को सुरक्षित करते हुए पुलिस ने फोरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम को भी मौके पर बुलाया। एफएसएल टीम ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए, ताकि मामले की गहन जांच की जा सके। घटना के समय क्षेत्र के डिप्टी अमरजीत चावला और खाजूवाला थानाधिकारी सुरेंद्र प्रजापत बीकानेर में आयोजित महानिदेशक पुलिस की संभाग स्तरीय बैठक में शामिल होने गए हुए थे। जैसे ही उन्हें इस घटना की जानकारी मिली, वे तुरंत मौके के लिए रवाना हो गए। पुलिस ने आरोपी हरप्रीत सिंह को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ शुरू कर दी है। फिलहाल हत्या के पीछे के सटीक कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है, लेकिन प्रारंभिक जांच में पति-पत्नी के बीच आपसी विवाद को हत्या की वजह माना जा रहा है। खाजूवाला थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और आरोपी से पूछताछ के बाद ही हत्या के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो पाएगा। वहीं इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।
