हनुमानगढ़। दिव्य ज्योति जाग्रति संस्थान के तत्वावधान में अनाज मंडी हनुमानगढ़ जंक्शन में आयोजित सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा के तीसरे दिन भक्ति, ज्ञान और वैराग्य की त्रिवेणी बहती दिखाई दी। कार्यक्रम की पावन शुरुआत मुख्य यजमानों द्वारा सामूहिक पूजन के साथ हुई, जिसमें स्वामी ज्ञानेशानंद जी और स्वामी मानवेन्द्रानंद जी का विशेष सान्निध्य प्राप्त हुआ। इस अवसर पर रमन गर्ग, दीपक तलवाड़िया, प्रहलाद शर्मा और राधेश्याम सिंगला ने सपरिवार वेदी पूजन कर धर्म लाभ अर्जित किया। पूजन के पश्चात मंचासीन संत समाज द्वारा स्तुति गान के साथ कथा का शुभारंभ हुआ।

गुरुदेव आशुतोष महाराज जी की शिष्या कथा व्यास साध्वी भाग्यश्री भारती जी ने अपने प्रवचन में भक्त प्रहलाद के चरित्र का अत्यंत मार्मिक वर्णन किया। उन्होंने बताया कि किस प्रकार हिरण्यकश्यप के कठोर अत्याचारों और विपरीत परिस्थितियों के बावजूद बालक प्रहलाद भगवान के प्रति अपनी भक्ति पर अडिग रहे। साध्वी जी ने कहा कि भक्त प्रहलाद की कथा केवल पौराणिक प्रसंग नहीं, बल्कि यह संदेश देती है कि यदि ईश्वर पर अटूट विश्वास हो तो कोई भी आसुरी शक्ति भक्त का कुछ भी बिगाड़ नहीं सकती। भगवान नरसिंह का प्राकट्य इस सत्य का प्रतीक है कि अधर्म के नाश और धर्म की स्थापना के लिए परमात्मा सदैव अपने भक्तों के साथ खड़े रहते हैं। प्रवचन के दौरान साध्वी जी ने संस्कारों की महत्ता पर भी विशेष प्रकाश डाला।

उन्होंने कहा कि आधुनिक युग में भौतिक प्रगति तो हुई है, लेकिन मानवीय मूल्यों और संस्कारों का ह्रास चिंताजनक है। संस्कार ही वह मजबूत नींव हैं, जिन पर चरित्रवान पीढ़ी और सशक्त राष्ट्र का निर्माण संभव है। यदि बचपन से ही बच्चों को अध्यात्म और नैतिक मूल्यों की शिक्षा दी जाए, तो वे जीवन की चुनौतियों का सामना धैर्य और संयम के साथ कर सकते हैं। कथा के मध्य भगवान की लीलाओं का वर्णन होते ही पूरा पंडाल ‘नंद के आनंद भयो’ के जयकारों से गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने एक-दूसरे पर पुष्प वर्षा कर दिव्य ‘फूलों की होली’ खेली और भक्ति रस में सराबोर हो गए।

कार्यक्रम के अंत में भव्य महाआरती का आयोजन किया गया, जिसमें डॉ. वी.के. चावला धर्मपत्नी सहित, पार्षद राजेन्द्र चौधरी, गौशाला कोषाध्यक्ष गोपाल जिंदल, वीरा संस्था अध्यक्ष कंचन गुप्ता, नवदुर्गा शक्ति ग्रुप से मंजू दत्ता व सुमन अरोड़ा, राघव फ्लोर मिल से प्रमेन्द्र जाखड़ सपरिवार, प्रेम गर्ग, अमृत गोयल, मीणा बंसल, प्रशांत ज्योति न्यूज़ पेपर से मनीष बबर, किशोर न्याय बोर्ड सदस्य मोनिका बबर सहित अनेक गणमान्य नागरिकों ने सपरिवार भाग लेकर प्रभु की आरती उतारी।
