हनुमानगढ़। टाइम्स पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों ने खेल प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन कर विद्यालय का नाम रोशन किया है। विद्यालय की कक्षा सातवीं की छात्रा मनजोत ने जिला स्तरीय खेल प्रतियोगिता में दो स्वर्ण पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया, वहीं छात्र धर्मवीर ने राज्य स्तरीय एसजीएफआई कराटे प्रतियोगिता में रजत पदक हासिल कर विद्यालय को गौरवान्वित किया। जीआर ग्लोबल एकेडमी, हनुमानगढ़ में आयोजित 31वीं जिला स्तरीय खेल प्रतियोगिता में मनजोत ने अंडर-14 वर्ग में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए लंबी कूद और 80 मीटर बाधा दौड़ में प्रथम स्थान प्राप्त किया। दोनों स्पर्धाओं में स्वर्ण पदक जीतकर मनजोत ने अपनी खेल प्रतिभा और मेहनत का परिचय दिया। इसी प्रकार, विद्यालय के छात्र धर्मवीर ने श्रीगंगानगर जिले के सादुलशहर स्थित जीटीबी स्कूल में आयोजित राज्य स्तरीय एसजीएफआई कराटे प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक अपने नाम किया। राज्य स्तर पर मिली इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार में खुशी का माहौल है।

दोनों विद्यार्थियों की सफलता पर विद्यालय के चेयरमैन डॉ. सागर मल लड्ढा ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि खेल विद्यार्थियों के शारीरिक एवं मानसिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। विद्यार्थियों की मेहनत, लगन और खेलों के प्रति समर्पण ही उनकी सफलता का आधार है। विद्यालय के डायरेक्टर गोपाल किशन लड्ढा एवं कपिल लड्ढा ने मनजोत और धर्मवीर को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। प्रधानाचार्या नेहा शर्मा ने कहा कि विद्यालय विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ खेलों में भी अपनी प्रतिभा निखारने के लिए निरंतर प्रोत्साहित करता है। दोनों विद्यार्थियों की उपलब्धियां अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणादायक हैं। प्रतियोगिता के दौरान विद्यालय के पीटीआई रियासत अली भी मौजूद रहे। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया और उनकी उपलब्धियों पर प्रसन्नता व्यक्त की।
