– नशा मुक्ति के संकल्प के साथ गूंजा नेहरू कॉलेज, लक्ष्मण रेखा अभियान के तहत शिविर
हनुमानगढ़। टाउन स्थित राजकीय नेहरू मेमोरियल स्नातकोत्तर महाविद्यालय में सोमवार को एएनटीएफ के लक्ष्मण रेखा अभियान के तहत नशा मुक्ति शिविर का आयोजन किया गया। एडीजी एएनटीएफ दिनेश एमएन एवं आईजीपी विकास कुमार के निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम का नेतृत्व एएनटीएफ मालारामपुरा चौकी प्रभारी किरणजीत कौर ने किया। कार्यक्रम में दर्पण कला मंच के कलाकारों ने नशे के दुष्प्रभावों पर आधारित एक मार्मिक नाटक प्रस्तुत किया। नाटक के माध्यम से बताया गया कि किस प्रकार नशा परिवारों और युवाओं के भविष्य को बर्बाद कर देता है। शिविर का सबसे भावुक क्षण तब आया जब नशे की लत से बाहर निकल चुके मुक्तिवीरों ने मंच पर अपने संघर्ष और पुनर्वास की कहानी साझा की। उनकी आपबीती सुनकर उपस्थित कई लोगों की आंखें नम हो गईं। इस मौके पर पुलिस अधीक्षक नरेन्द्र सिंह मीना ने युवाओं से कानून का पालन करने के साथ सामाजिक जिम्मेदारियों को समझने का आह्वान किया।

समाजसेवी सुमन चावला, महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. रामपाल अहरोदिया, शिक्षाविद हरिकृष्ण आर्य, महावीर इंटरनेशनल वीरा संस्थान अध्यक्ष कंचन गुप्ता, लॉयंस क्लब अध्यक्ष मीना गर्ग, डॉ. समयामी तथा गिरिराज शर्मा ने भी युवाओं को नशे से दूर रहकर सकारात्मक जीवन अपनाने का संदेश दिया। कार्यक्रम के समापन पर एएनटीएफ मालारामपुरा चौकी प्रभारी किरणजीत कौर ने युवाओं को नशा मुक्त जीवन अपनाने की शपथ दिलाई। पूरे सभागार ने एक स्वर में नशे से दूर रहने और समाज में जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया। शिविर में अमरनाथ पेंटर, हेमलता कंवर, शानू मीर, बलकरण सिंह, नरेश चड्ढा, पंकज मिश्रा, संदीप, जसवीर सिंह, बलदेव सिंह, गुरकरण सिंह ढिल्लों, सतीश नागपाल, भगवान दास, मदन लाल गोस्वामी, युधिष्ठिर भारतीय, प्रदीप पाल, अनमोल, योगेश भोबिया आदि मौजूद रहे।
