हनुमानगढ़। जिले में सड़क सुरक्षा को मजबूत बनाने और यातायात नियमों की प्रभावी पालना सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक बी आदित्य के निर्देशन में मॉडिफाइड वाहनों के विरुद्ध एक दिवसीय विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान जिलेभर में सघन वाहन जांच करते हुए विभिन्न प्रकार से मॉडिफाइड किए गए 65 वाहनों को सीज किया गया। कार्रवाई के दौरान विशेष रूप से उन बुलेट मोटर साइकिलों एवं अन्य वाहनों को निशाना बनाया गया, जिनमें अवैध रूप से साइलेंसर में बदलाव कर अत्यधिक शोर उत्पन्न किया जा रहा था या वाहन के मूल स्वरूप में नियमों के विपरीत परिवर्तन किए गए थे। एसपी बी आदित्य ने बताया कि वाहनों में अनधिकृत मॉडिफिकेशन मोटर वाहन अधिनियम एवं यातायात नियमों का उल्लंघन है। ऐसे मॉडिफाइड साइलेंसर ध्वनि प्रदूषण फैलाने के साथ विद्यार्थियों, अस्पतालों, वरिष्ठ नागरिकों और आमजन के लिए गंभीर परेशानी का कारण बनते हैं। वहीं वाहन की मूल संरचना में अवैध बदलाव सड़क दुर्घटनाओं की आशंका भी बढ़ा देते हैं। उन्होंने वाहन चालकों से अपील की कि वे अपने वाहनों में किसी भी प्रकार का अनधिकृत मॉडिफिकेशन न करवाएं और यातायात नियमों का पूरी तरह पालन करें। पुलिस ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए भविष्य में भी ऐसे विशेष अभियान लगातार जारी रहेंगे तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
