- डीटीओ कार्यालय में हुई बैठक, नवनियुक्त अध्यक्ष सुशील कुकरेजा का किया अभिनंदन
हनुमानगढ़। यातायात सलाहकार जन सेवा समिति की बैठक शुक्रवार को जंक्शन स्थित डीटीओ कार्यालय में आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न सामाजिक एवं व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लेते हुए समिति की भावी कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की। इस दौरान नवनियुक्त अध्यक्ष सुशील कुकरेजा का माला पहनाकर स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। बैठक में भटनेर किंग्स क्लब, बार एसोसिएशन तथा ट्रांसपोर्टर हनुमानगढ़ के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। उपस्थित सदस्यों ने समिति के कार्यों की सराहना करते हुए विश्वास जताया कि आने वाले समय में सभी संगठन मिलकर सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों को आगे बढ़ाएंगे। साथ ही डीटीओ कार्यालय की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने और आमजन को सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए संयुक्त रूप से प्रयास करने का आश्वासन दिया गया।
समिति के नवनियुक्त अध्यक्ष सुशील कुकरेजा ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि यातायात सलाहकार जन सेवा समिति केवल यातायात व्यवस्था तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारियों को भी प्राथमिकता देगी। उन्होंने बताया कि भीषण गर्मी को देखते हुए समिति आगामी दिनों में विभिन्न सहयोगी संस्थाओं के साथ मिलकर डीटीओ कार्यालय परिसर में परिंडे लगाएगी, ताकि पक्षियों को पानी उपलब्ध कराया जा सके। इसके अलावा जरूरतमंद लोगों की सहायता के लिए भी समय-समय पर सेवा कार्य किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रति आमजन को जागरूक करना समिति का मुख्य उद्देश्य रहेगा। इसके लिए जागरूकता अभियान चलाए जाएंगे तथा वाहन चालकों और युवाओं को यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया जाएगा। बैठक में मौजूद सदस्यों ने भी सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर जोर दिया। बैठक के दौरान सामाजिक सहयोग, जनहित कार्यों और कार्यालय व्यवस्था सुधार से जुड़े कई सुझाव भी सामने आए, जिन पर भविष्य में कार्य करने की सहमति बनी। अंत में सभी सदस्यों ने समिति को मजबूत बनाने और समाजहित में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया। इस मौके पर गोरा गोलूवाला, इंद्रमोहन कटारिया, धन्ने सिंह, एडवोकेट मंगा सिंघ, पवन नायक एडवोकेट, विपिन कटारिया, भटनेर किंग्स क्लब से गौरव, कपिल गोयल, गुरमंगत सिंह, बार एसोसिएशन से शशांक भुवाल, हरीश कुमार, रविंद्र कुमार, रवि गोदारा, प्रद्युमन सिंह शेखावत ,प्रद्युमन सिंह परमार, पूर्व पार्षद गौरव जैन, ट्रांसपोर्टर हनुमानगढ़ से जसकरण सिंह गिल, जगदीप सिंह गिल, कृष्ण नरुका, ज्ञान सिंह जोडकिया, हरविंदर सिंह सहित अन्य सदस्य मौजूद थे।
