हनुमानगढ़। सालासर बालाजी और पल्लू जाने वाले पैदल श्रद्धालुओं तथा वाहन चालकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए भटनेर सड़क सुरक्षा समिति और परिवहन विभाग की ओर से विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत रात के समय सड़क हादसों से बचाव और पैदल यात्रियों की दृश्यता बढ़ाने के लिए उनके बैग, कपड़ों और लाठियों पर रिफ्लेक्टर टेप (रेडियम बेल्ट) लगाई जा रही है। इसके साथ ही ट्रैक्टर-ट्रॉली, बाइक और अन्य वाहनों के पीछे भी रिफ्लेक्टर लगाए जा रहे हैं। शरद पूर्णिमा और नवरात्र के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु पैदल यात्रा कर सालासर बालाजी और पल्लू पहुंचते हैं। रात के समय अंधेरे में पैदल यात्रियों को दूर से देख पाना वाहन चालकों के लिए चुनौतीपूर्ण हो जाता है। ऐसे में दुर्घटनाओं की आशंका को कम करने के उद्देश्य से समिति और परिवहन विभाग की ओर से रिफ्लेक्टर लगाने का कार्य किया जा रहा है। अभियान के तहत अब तक लगभग 2000 से अधिक वाहनों पर रिफ्लेक्टिव टेप लगाई जा चुकी है। अभियान के दौरान श्रद्धालुओं को सड़क के बिल्कुल किनारे चलने, यातायात नियमों का पालन करने और रात्रि यात्रा के दौरान रिफ्लेक्टर का उपयोग करने के लिए जागरूक किया जा रहा है। इसके साथ ही श्रद्धालुओं को पानी और कोल्ड ड्रिंक भी वितरित की गई, ताकि यात्रा के दौरान उन्हें राहत मिल सके। इस दौरान भटनेर सड़क सुरक्षा समिति के प्रतिनिधि प्रवीण शर्मा, धर्म सिंह, उपकार और राजवीर सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।
