फेफाना। युनाईटेड प्रेस सोसायटी नोहर की एक अति आवश्यक एवं निर्णायक बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें संगठन को मजबूत बनाने और आगामी कार्ययोजना को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में सर्वसम्मति से मोहर सिंह को पुनः अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सौंपी गई। नवनियुक्त अध्यक्ष के अनुमोदन के बाद संगठन की कार्यकारिणी का विस्तार करते हुए अनुभवी पत्रकारों को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां दी गईं।

चारणवासी से दैनिक भास्कर के संवाददाता जयलाल वर्मा और थालड़का से विनोद चौधरी को महासचिव पद पर नियुक्त किया गया। बैठक के दौरान भारत सरकार के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय से पंजीकृत डिजिटल मीडिया के फेफाना प्रतिनिधि राजेश इंदोरा को भी सोसायटी की सदस्यता प्रदान की गई। इस अवसर पर नवनियुक्त पदाधिकारियों और सदस्यों ने अपने पद की गरिमा बनाए रखने तथा पत्रकारिता के मूल्यों की रक्षा करने की शपथ ली।

महासचिव मनोनीत होने पर जयलाल वर्मा और विनोद चौधरी ने संगठन द्वारा जताए गए विश्वास के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे पत्रकारों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाकर उनके समाधान के लिए हरसंभव प्रयास करेंगे। वहीं, सदस्यता ग्रहण करने के बाद राजेश इंदोरा ने संगठन के प्रति निष्ठा व्यक्त करते हुए डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सकारात्मक और सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।
संवाददाता-जयलाल वर्मा
