हनुमानगढ़। श्री खुशाल दास विश्वविद्यालय के छात्र कल्याण क्लब ‘स्पंदन’ के अंतर्गत संचालित राग रंग क्लब की ओर से शुक्रवार को तीज उत्सव-2026 का आयोजन किया गया। ‘रंग, सूट और नृत्य’ थीम पर आयोजित समारोह में विश्वविद्यालय के विभिन्न संकायों के विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया और नृत्य, संगीत व सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। तीज के पारंपरिक रंगों से सजे विश्वविद्यालय परिसर में विद्यार्थियों ने आकर्षक पारंपरिक परिधानों में मनमोहक प्रस्तुतियां देकर उत्सव में चार चांद लगा दिए। कार्यक्रम में राजस्थान सहित भारतीय लोक संस्कृति की झलक के साथ आधुनिक प्रस्तुति शैली का सुंदर समन्वय देखने को मिला। कार्यक्रम में विशेष रूप से आमंत्रित नन्ही बाल कलाकार निष्ठा की प्रस्तुति विशेष आकर्षण का केन्द्र रही। इस मौके पर श्री गुरु गोबिंद सिंह चैरिटेबल ट्रस्ट के अध्यक्ष बाबूलाल जुनेजा ने कहा कि भारतीय संस्कृति और परंपराओं को जीवंत बनाए रखने में ऐसे आयोजनों की महत्वपूर्ण भूमिका है। विश्वविद्यालय विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने के लिए निरंतर प्रयास कर रहा है। तीज जैसे पर्व आपसी प्रेम, सौहार्द और उल्लास का संदेश देते हैं। विश्वविद्यालय के एमडी दिनेश कुमार जुनेजा ने कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए शैक्षणिक गतिविधियों के साथ सांस्कृतिक एवं रचनात्मक गतिविधियां भी जरूरी हैं। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना विकसित करने का अवसर देते हैं। राग रंग क्लब की समन्वयक डॉ. मनवीर कौर ने बताया कि तीज उत्सव का उद्देश्य विद्यार्थियों को भारतीय लोक संस्कृति एवं पारंपरिक त्योहारों से जोड़ना और उन्हें अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए मंच उपलब्ध कराना था। कार्यक्रम के आयोजन में डॉ. विक्रम सिंह औलख, डॉ. मीनल सहित विश्वविद्यालय परिवार के विभिन्न सदस्यों का सहयोग रहा। मंच संचालन कनिका ने किया।
