हनुमानगढ़। अखिल भारतीय राष्ट्रीय शिक्षक महासंघ (विद्यालय शिक्षा) के तत्वावधान में सामाजिक उत्तरदायित्व के तहत शनिवार को जिले के सभी 8 खंडों के राजकीय विद्यालयों में ‘नशामुक्त विद्यालय-नशामुक्त राजस्थान’ अभियान चलाया गया। इसके तहत विद्यार्थियों एवं युवाओं को नशे से दूर रहने तथा नशे के विरुद्ध जागरूकता फैलाने की शपथ दिलाई गई। अभियान के दौरान विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के लिए चित्रकला और निबंध प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इन गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को नशे से होने वाले नुकसान और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया। जिलाध्यक्ष मनमोहन शर्मा ने अभियान में सहयोग देने वाले सभी संकुल प्रभारियों, खंड कार्यकारिणी, संगठन के कर्मठ कार्यकर्ताओं और शिक्षकों का आभार व्यक्त करते हुए उन्हें साधुवाद दिया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों एवं युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए जागरूकता संबंधी ऐसे कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जाने चाहिए। उन्होंने संगठन के कार्यकर्ताओं और शिक्षकों से इस सामाजिक सरोकार को आगे भी जारी रखने का आग्रह किया।
