हनुमानगढ़। राजस्थान दिवस के अवसर पर गुरुवार शाम हनुमानगढ़ टाउन स्थित सेंट्रल पार्क में भव्य सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से आए लोक कलाकारों ने अपनी मनमोहक प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया और पूरा वातावरण राजस्थानी लोक संस्कृति के रंग में रंग गया। उल्लेखनीय है कि इस वर्ष राजस्थान दिवस नई परंपरा के तहत चैत्र शुक्ल प्रतिपदा को मनाया जा रहा है।

इससे पूर्व यह दिवस प्रतिवर्ष 30 मार्च को मनाया जाता था, लेकिन राज्य सरकार ने सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक महत्व को ध्यान में रखते हुए पिछले वर्ष से इसे चैत्र शुक्ल प्रतिपदा के दिन मनाने का निर्णय लिया है। इसी क्रम में जिले में भी विभिन्न सांस्कृतिक और सामाजिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। राजस्थान दिवस समारोह के तहत आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम का शुभारंभ शाम 6:15 बजे हुआ। कार्यक्रम में लोक कलाकारों ने पारंपरिक वाद्य यंत्रों और लोक नृत्यों के माध्यम से राजस्थान की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत की झलक प्रस्तुत की।

मशक वादन की सुरमयी धुनों से कार्यक्रम की शुरुआत हुई, जिसके बाद कच्छी घोड़ी लोक नृत्य ने दर्शकों को उत्साहित कर दिया। इसके अलावा लंगा-मांगणियार कलाकारों द्वारा प्रस्तुत लोक संगीत ने राजस्थानी लोक परंपरा की मिठास घोल दी। कालबेलिया नृत्य की आकर्षक प्रस्तुति, बीन-बांसुरी वादन, भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं पर आधारित कृष्ण रास, फूलों की होली, मयूर नृत्य तथा भांगड़ा जैसी रंगारंग प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को जीवंत बना दिया।

कलाकारों की ऊर्जा और पारंपरिक वेशभूषा ने दर्शकों का खूब मन मोहा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शहरवासी और संस्कृति प्रेमी मौजूद रहे, जिन्होंने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ कलाकारों का उत्साहवर्धन किया। पूरे कार्यक्रम के दौरान सेंट्रल पार्क में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला। इस अवसर पर जिला कलक्टर डॉ. खुशाल यादव, जिला परिषद सीईओ ओ.पी. बिश्नोई, जनप्रतिनिधि प्रदीप ऐरी एवं संजय शर्मा, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के उपनिदेशक विक्रम सिंह तथा पर्यटन अधिकारी पवन शर्मा सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम का मंच संचालन भीष्म कौशिक ने किया, जिन्होंने अपनी प्रभावशाली शैली से पूरे कार्यक्रम को रोचक बनाए रखा।

राजस्थान दिवस के इस आयोजन ने जिलेवासियों को प्रदेश की समृद्ध लोक संस्कृति और परंपराओं से रूबरू कराने का एक सुंदर अवसर प्रदान किया।
