हनुमानगढ़। जिले में नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस थाना रावतसर ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 05 ग्राम 45 मिलीग्राम अवैध हेरोइन (चिट्टा) तस्करी के मामले में वांछित मुख्य सप्लायर सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इससे पूर्व इसी प्रकरण में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा चुका है। जिला पुलिस अधीक्षक नरेन्द्र सिंह मीना ने बताया कि जिले में नशा तस्करी, अवैध मादक पदार्थों की बिक्री, अवैध हथियार, जुआ-सट्टा, अवैध धंधों तथा संपत्ति संबंधी अपराधों की रोकथाम के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत सभी पुलिस अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र में सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही वांछित अपराधियों, गैंगस्टरों और उनके सहयोगियों की धरपकड़ के लिए भी लगातार अभियान जारी है। इसी अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सेक्टर नोहर गीता चौधरी तथा वृताधिकारी रावतसर सुभाष गोदारा के निकटतम सुपरविजन में पुलिस थाना रावतसर के थानाधिकारी ईश्वरानन्द के नेतृत्व में पुलिस टीम ने एनडीपीएस एक्ट के प्रकरण संख्या 143/2026 में कार्रवाई करते हुए मुख्य सप्लायर विनोद कुमार निवासी रावतसर तथा नशा तस्करी में संलिप्त आरोपी सोनू उर्फ कृष्णलाल नायक निवासी रावतसर को अनुसंधान के बाद गिरफ्तार किया है।

पुलिस द्वारा मामले में आगे की जांच जारी है। पुलिस के अनुसार, 15 मार्च 2026 को उप निरीक्षक मुकेश कुमार मय पुलिस टीम गश्त पर थे। इस दौरान भाखरावाला से रावतसर रोड पर रोही क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए आरोपी सूर्य प्रकाश उर्फ पीयूष उर्फ धोलू को 05 ग्राम 45 मिलीग्राम अवैध हेरोइन (चिट्टा) के साथ गिरफ्तार किया गया था। इस संबंध में पुलिस थाना रावतसर में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण संख्या 143/2026 दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया। जांच के दौरान पुलिस ने इस प्रकरण में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान की और कार्रवाई करते हुए मुख्य सप्लायर विनोद कुमार तथा उसके सहयोगी सोनू उर्फ कृष्णलाल को गिरफ्तार कर लिया। इससे पूर्व आरोपी सूर्य प्रकाश उर्फ पीयूष पुत्र बंशीलाल निवासी रावतसर तथा पुनित कुमार उर्फ भूरिया को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा चुका है। इस कार्रवाई में पुलिस टीम में थानाधिकारी ईश्वरानन्द, हेड कांस्टेबल अमर सिंह, कांस्टेबल मोहनलाल तथा अन्य पुलिसकर्मियों की अहम भूमिका रही। वहीं कांस्टेबल मोहनलाल की विशेष भूमिका भी सराहनीय रही। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में नशा तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी इसी तरह जारी रहेगा और इस अवैध कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस द्वारा मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी गहनता से जांच की जा रही है।
