हनुमानगढ़। 70वीं राज्य स्तरीय कुश्ती प्रतियोगिता 2026-27 में गुड डे डिफेन्स सैनिक स्कूल, हनुमानगढ़ के कक्षा 10वीं के छात्र सौरभ कुमार ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया। राजस्थान के डींग जिले में 28 सितंबर से 4 अक्टूबर तक आयोजित प्रतियोगिता में सौरभ ने अंडर-17 ग्रीको रोमन कुश्ती के 110 किलोग्राम भार वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त किया। प्रतियोगिता में प्रदेशभर के खिलाड़ियों ने विभिन्न आयु एवं भार वर्गांे में हिस्सा लिया। सौरभ कुमार ने कड़े मुकाबलों में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए लगातार पांच राउंड में क्वालीफाई किया और अपने प्रतिद्वंद्वियों को पछाड़कर राजस्थान में प्रथम स्थान हासिल किया। श्री गुरु गोबिंद सिंह चेरिटेबल ट्रस्ट के अध्यक्ष बाबूलाल जुनेजा ने सौरभ कुमार को बधाई देते हुए कहा कि विद्यार्थियों की प्रतिभा को खेलों के माध्यम से निखारना संस्था की प्राथमिकताओं में शामिल है। खेल विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और लक्ष्य के प्रति समर्पण की भावना विकसित करते हैं। सौरभ की उपलब्धि विद्यालय और पूरे क्षेत्र के लिए गौरव का विषय है। संस्था के प्रबंध निदेशक दिनेश कुमार जुनेजा ने कहा कि शिक्षा के साथ-साथ विद्यार्थियों को खेलों में आगे बढ़ने के अवसर देना भी आवश्यक है। सौरभ ने मेहनत और निरंतर अभ्यास के बल पर राज्य स्तर पर स्वर्ण पदक हासिल कर साबित किया है कि उचित मार्गदर्शन और मेहनत से विद्यार्थी किसी भी क्षेत्र में सफलता प्राप्त कर सकते हैं। संस्था के चेयरपर्सन वरुण यादव ने सौरभ कुमार और उनके कोच हरविंद्र सिंह को बधाई देते हुए कहा कि राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक हासिल करना विद्यार्थी की मेहनत और प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन का परिणाम है। विद्यालय में विद्यार्थियों को बेहतर खेल प्रशिक्षण और प्रोत्साहन देने पर लगातार जोर दिया जा रहा है, ताकि वे जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकें। रेसलिंग कोच हरविंद्र सिंह ने बताया कि सौरभ ने प्रतियोगिता में तकनीक, शारीरिक क्षमता और आत्मविश्वास का शानदार परिचय दिया। लगातार पांच राउंड में क्वालीफाई करते हुए उन्होंने कड़े मुकाबलों में प्रतिद्वंद्वियों को पछाड़ा और स्वर्ण पदक अपने नाम किया। सौरभ की इस उपलब्धि पर विद्यालय के शिक्षकों, विद्यार्थियों और अभिभावकों ने खुशी जताते हुए उन्हें बधाई दी तथा आगामी प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं दीं।
