हनुमानगढ़। जिला कलक्टर डॉ. खुशाल यादव के निर्देशानुसार मानस नशा मुक्ति अभियान एवं राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत जिला मानसिक स्वास्थ्य इकाई, हनुमानगढ़ द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) रावतसर में नशा मुक्ति एवं मनोरोग शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में कुल 138 मरीजों को परामर्श, उपचार एवं नि:शुल्क दवा वितरण कर लाभान्वित किया गया।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नवनीत शर्मा ने बताया कि शिविर में डॉ. ओ.पी. सोलंकी (वरिष्ठ मानसिक एवं नशा मुक्ति विशेषज्ञ), डॉ. सुभाष भिडासरा (सीएचसी प्रभारी), एनसीडी काउंसलर कमल किशोर एवं श्रीमती मीनाक्षी भिडासरा उपस्थित रहे। इस अवसर पर डॉ. ओ.पी. सोलंकी ने उपस्थित मरीजों एवं उनके परिजनों को मानसिक रोगों, नशे की लत के दुष्प्रभावों तथा उनके उपचार के बारे में विस्तृत जानकारी प्रदान की।

उन्होंने प्रत्येक माह आयोजित होने वाले मानसिक स्वास्थ्य शिविरों की जानकारी देते हुए समय पर उपचार एवं नियमित परामर्श के महत्व पर प्रकाश डाला। शिविर के दौरान विभिन्न प्रकार के मानसिक रोगों एवं नशा संबंधी समस्याओं से ग्रसित मरीजों की जांच एवं उपचार किया गया। 11 नशा पीडि़त मरीजों का उपचार किया गया, जिनमें से एक मरीज ने नशा छोडऩे की इच्छा व्यक्त की।

संबंधित मरीज की काउंसलिंग कर उसे आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराई गईं तथा नशा मुक्ति के लिए प्रेरित किया गया।इसके अतिरिक्त, मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत नियमित उपचार प्राप्त कर रहे 120 मरीजों का फॉलोअप भी किया गया तथा उन्हें आवश्यक दवाएं वितरित की गईं। विशेषज्ञों ने मरीजों को मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने, तनाव प्रबंधन अपनाने तथा किसी भी मानसिक समस्या के लक्षण दिखाई देने पर तुरंत चिकित्सकीय सलाह लेने का संदेश दिया।
