-जिला सूचना एवं जनसंपर्क कार्यालय में प्रदर्शित की गईं केंद्र एवं राज्य सरकार की उपलब्धियां
हनुमानगढ़। राज्य सरकार के निर्देशानुसार केंद्र एवं राज्य सरकार की उपलब्धियों पर आधारित तीन दिवसीय प्रदर्शनी “12 साल विश्वास के, विकास के, जनकल्याण के” का शुभारंभ शुक्रवार को हनुमानगढ़ जंक्शन स्थित जिला सूचना एवं जनसंपर्क कार्यालय में किया गया। 12 से 14 जून तक आयोजित होने वाली इस प्रदर्शनी में केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों, नवाचारों तथा आमजन के हित में किए गए उल्लेखनीय प्रयासों को प्रदर्शित किया गया है।

जिला कलक्टर डॉ. खुशाल यादव, जनप्रतिनिधि अमित सहू, प्रमोद डेलू सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने सरस्वती पूजन कर प्रदर्शनी का शुभारंभ किया तथा विभिन्न प्रदर्श पैनलों का अवलोकन किया। प्रदर्शनी में देश के विकास, आधारभूत संरचना विस्तार, महिला सशक्तिकरण, डिजिटल क्रांति, सांस्कृतिक पुनर्जागरण, स्टार्टअप इंडिया, आत्मनिर्भर भारत, अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी एवं जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़े विषयों को आकर्षक ढंग से प्रस्तुत किया गया है। इस अवसर पर प्रमोद डेलू ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में देश ने विकास और जनकल्याण के नए आयाम स्थापित किए हैं।

प्रदर्शनी में प्रदर्शित चित्र और जानकारियां विकास यात्रा की सशक्त गाथा प्रस्तुत करती हैं। उन्होंने कहा कि महिला सशक्तिकरण, आर्थिक उन्नयन, सांस्कृतिक गौरव, स्वदेशी रक्षा उत्पादन, स्टार्टअप इंडिया तथा विकसित भारत जैसे अनेक क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की गई हैं। जनप्रतिनिधि अमित सहू ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में देश की प्रगति और विकास को नई गति मिली है। भारतमाला परियोजना, आधुनिक सड़क एवं रेल नेटवर्क, वंदे भारत ट्रेनों, एयरपोर्ट विकास, यूपीआई और डीबीटी जैसी डिजिटल पहलों ने देश को नई पहचान दी है। वहीं आयुष्मान भारत जैसी योजनाओं ने आमजन को स्वास्थ्य सुरक्षा का मजबूत संबल प्रदान किया है।

कार्यक्रम के दौरान जिले के विकास में पत्रकारों के योगदान को स्मरण करते हुए उन्हें सम्मानित किया गया। इस अवसर पर जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी ओ.पी. बिश्नोई, भारत भूषण शर्मा, देवेंद्र पारीक, मुरलीधर सोनी, जसप्रीत सिंह, जुगल किशोर गौड़, कृष्ण तायल, प्रवीण कटारिया, नितिन बंसल, सीएमएचओ डॉ. नवनीत शर्मा, कोषाधिकारी नीतू चुघ, एपीआरओ राजपाल लम्बोरिया सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। मंच संचालन सूर्य प्रकाश जोशी ने किया।
