- हनुमानगढ़ सहित संगरिया, रावतसर और पीलीबंगा नगर निकायों में अभियान तेज, अपात्रों से नाम हटवाने और पात्र परिवारों को योजना से जोड़ने पर जोर
हनुमानगढ़। राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना में पारदर्शिता सुनिश्चित करने और योजना का लाभ वास्तविक जरूरतमंद परिवारों तक पहुंचाने के लिए रसद विभाग ने शहरी क्षेत्रों में सघन भौतिक सत्यापन अभियान तेज कर दिया है। विभागीय टीमें हनुमानगढ़ नगर परिषद क्षेत्र के साथ संगरिया, रावतसर एवं पीलीबंगा नगरपालिका क्षेत्रों में घर-घर जाकर लाभार्थियों की पात्रता की जांच कर रही हैं। अभियान के दौरान विभागीय दल लाभार्थियों के आवास पर पहुंचकर दस्तावेजों का मिलान कर रहे हैं। साथ ही निवास की वास्तविक स्थिति और आवास के भौतिक आकार का अवलोकन कर योजना के लिए निर्धारित पात्रता की जांच की जा रही है। इसका उद्देश्य खाद्य सुरक्षा योजना में अनुचित रूप से शामिल अपात्र परिवारों की पहचान कर उन्हें सूची से हटाना है। जिला रसद अधिकारी सुनील कुमार घोड़ेला ने बताया कि योजना का लाभ केवल पात्र एवं जरूरतमंद परिवारों तक पहुंचाने के लिए सत्यापन अभियान लगातार चलाया जा रहा है। उनके पर्यवेक्षण में प्रवर्तन अधिकारी बाबूलाल जानू तथा प्रवर्तन निरीक्षक मनीष सिंगला एवं पुरुषोत्तम की टीम स्थानीय उचित मूल्य दुकानदारों को साथ लेकर निष्पक्षता से सर्वे कर रही है। जांच के दौरान अपात्र पाए जाने वाले लाभार्थियों से स्वेच्छा से ‘गिव-अप’ श्रेणी के तहत अपना नाम हटवाने की अपील की जा रही है। यदि संबंधित लाभार्थी स्वेच्छा से नाम नहीं हटवाते हैं, तो विभाग की ओर से नियमानुसार कारण बताओ नोटिस जारी कर नाम निरस्त करने की कानूनी प्रक्रिया अपनाई जाएगी। जिला रसद अधिकारी ने बताया कि अभियान का उद्देश्य केवल अपात्र लाभार्थियों को सूची से हटाना ही नहीं, बल्कि योजना से अब तक वंचित रहे वास्तविक पात्र परिवारों को भी लाभ दिलाना है। इसके लिए सर्वे के दौरान पात्र परिवारों को चिह्नित कर उनके आवेदन मौके पर ही प्राप्त किए जा रहे हैं, ताकि उन्हें शीघ्र योजना से जोड़ा जा सके।
