हनुमानगढ़। ग्राम रोड़ांवाली में स्वच्छ अभियान योजना के तहत ‘प्लास्टिक मुक्त राजस्थानÓ अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान मेगा हाइवे स्थित बस स्टैंड के आसपास मुख्य सड़क एवं सार्वजनिक स्थानों पर सफाई कार्य करवाया गया तथा प्लास्टिक कचरे को एकत्रित कर मौके से हटाया गया। अभियान के दौरान मुख्य सड़क के आसपास दुकानें लगाने वाले दुकानदारों, सब्जी विक्रेताओं, रेहड़ी संचालकों एवं फास्ट फूड विक्रेताओं को खुले में प्लास्टिक एवं अन्य कचरा नहीं फेंकने तथा अपने आसपास नियमित रूप से साफ-सफाई रखने के लिए समझाइश की गई। संबंधित लोगों को भविष्य में स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने के लिए मौखिक रूप से जागरूक करने के साथ नोटिस भी दिए गए। अभियान के तहत राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय रोड़ांवाली के छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों ने भी विद्यालय परिसर में स्वच्छता अभियान चलाया। विद्यार्थियों और शिक्षकों ने परिसर की साफ-सफाई कर स्वच्छ वातावरण बनाए रखने का संदेश दिया। इस मौके पर ग्राम पंचायत प्रशासक प्रतिनिधि सुब्बा खान, प्रधानाचार्य राजाराम, कृष्ण गोदारा, हेतराम, जगदीश सहित गांव के गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। अभियान के दौरान ग्रामीणों से भी सार्वजनिक स्थानों पर कचरा नहीं डालने और प्लास्टिक के उपयोग को कम करने की अपील की गई।
