हनुमानगढ़। राजस्थान सरकार के देवस्थान विभाग की ओर से संचालित वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना-2025 के अंतर्गत मंगलवार को हनुमानगढ़ जंक्शन रेलवे स्टेशन से द्वारका-सोमनाथ तीर्थ यात्रा के लिए विशेष रेलगाड़ी रवाना की गई। ट्रेन सुबह 10.50 बजे हनुमानगढ़ से रवाना हुई, जो बीकानेर एवं भगत की कोठी (जोधपुर) होते हुए द्वारका और सोमनाथ पहुंचेगी। इस विशेष तीर्थ यात्रा रेलगाड़ी में कुल 970 वरिष्ठ नागरिक यात्रा कर रहे हैं।

इनमें हनुमानगढ़ डिवीजन से 300, बीकानेर डिवीजन से 350 तथा जोधपुर डिवीजन से 320 यात्री शामिल हैं। रेलगाड़ी को राजस्थान सरकार के श्रीयादे माटी कला बोर्ड अध्यक्ष प्रहलाद राय टाक, भाजपा नेता अमित चौधरी एवं आशीष पारीक ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। प्रहलाद राय टाक ने माला पहनाकर तीर्थ यात्रियों का स्वागत किया। इस मौके पर प्रहलाद राय टाक ने बताया कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार की ओर से धर्मपरायण वरिष्ठ नागरिकों के लिए यह योजना संचालित की जा रही है, जिसमें यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा गया है। वहीं अमित चौधरी ने कहा कि जिस प्रकार श्रवण कुमार ने अपने माता-पिता को तीर्थ यात्रा करवाई थी, उसी भावना के साथ मुख्यमंत्री की ओर से प्रदेश के वरिष्ठ नागरिकों को नि:शुल्क तीर्थ यात्रा का अवसर प्रदान किया जा रहा है, जिससे लोगों में खासा उत्साह है।

सुरक्षा व चिकित्सा व्यवस्था पुख्ता
देवस्थान विभाग के सहायक आयुक्त ओमप्रकाश ने बताया कि यात्रियों की सुविधा एवं सुरक्षा के लिए ट्रेन में एक ट्रेन प्रभारी नियुक्त किया गया है। इसके अलावा प्रत्येक कोच में दो सरकारी कर्मचारी अनुदेशक के रूप में तैनात हैं। चिकित्सा व्यवस्था के तहत एक चिकित्सक एवं दो नर्सिंग अधिकारी भी यात्रा में साथ हैं, जो पूरे सफर के दौरान यात्रियों के स्वास्थ्य की देखरेख करेंगे। यह तीर्थ यात्रा 8 दिवसीय होगी, जिसमें यात्रियों के आवास, भोजन एवं अन्य सभी व्यवस्थाएं देवस्थान विभाग, राजस्थान सरकार की ओर से की जाएंगी। परिणामस्वरूप यह यात्रा वरिष्ठ नागरिकों के लिए पूर्णत: नि:शुल्क रहेगी।
