– वार्ड 31, सेक्टर एक में गंदगी से बदबू और मच्छरों का प्रकोप, प्लास्टिक खाने को मजबूर गोवंश; कई बार शिकायत के बावजूद नहीं हुई सुनवाई
हनुमानगढ़। टाउन में राजकीय जिला चिकित्सालय के नजदीक वार्ड नंबर 31, सेक्टर नंबर एक में वर्षों से खाली पड़ा प्लॉट आसपास के निवासियों के लिए परेशानी का कारण बना हुआ है। प्लॉट में गंदगी, प्लास्टिक की थैलियां और झाड़ियां उगने से बदबू फैल रही है। वहीं, मच्छरों के पनपने और नालियां जाम होने की समस्या से भी लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय निवासी जनकराज सिंगला ने बताया कि उनके पड़ोस में स्थित यह प्लॉट करीब वर्ष 1970 के आसपास आवंटित हुआ था, लेकिन अब तक इसमें कोई निर्माण नहीं हुआ है। लंबे समय से खाली पड़े प्लॉट की चारदीवारी करवाने के लिए कई बार नगर परिषद पार्षद के माध्यम से भूखंड मालिक से आग्रह किया गया। इसके अलावा नगर परिषद अधिकारियों से भी भूखंड मालिक को पाबंद करने की मांग की गई, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं हुआ।
प्लास्टिक खाने से गोवंश को नुकसान की आशंका
जनकराज सिंगला के अनुसार, प्लॉट के पास रहने वाले एक परिवार की ओर से वहां कचरा और प्लास्टिक की थैलियां आदि फेंकी जाती हैं। खुले में पड़े कचरे को गोवंश खा लेते हैं, जिससे उनके स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचने की आशंका बनी रहती है।

तेज हवाओं के साथ कचरा और प्लास्टिक की थैलियां उड़कर उनके घर की गैलरी में पहुंच जाती हैं। उन्होंने बताया कि प्लॉट में कचरा जमा रहने से आसपास बदबू का माहौल बना रहता है। खाली जगह पर झाड़ियां उग आई हैं और मच्छरों के पनपने की समस्या भी बढ़ रही है। वहीं, हवा के साथ उड़कर प्लास्टिक नालियों में जमा हो जाती है, जिससे नालियां जाम होने की परेशानी सामने आती है।
नगर परिषद से कार्रवाई की मांग
स्थानीय निवासी ने बताया कि इस समस्या को लेकर पहले भी कई बार प्रयास किए जा चुके हैं, लेकिन स्थिति जस की तस बनी हुई है। उन्होंने मांग की कि भूखंड मालिक को प्लॉट की चारदीवारी करवाने और परिसर की सफाई रखने के लिए पाबंद किया जाए, ताकि आसपास के लोगों को गंदगी और बदबू से राहत मिल सके। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि अब भी सुनवाई नहीं हुई तो नगर परिषद अधिकारियों को लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की जाएगी।
