– सोनू बंसल के समर्थन में चुनावी सभा, विधायक ने कहा-11 सितंबर को बांसुरी के निशान पर अधिकाधिक मतदान कर जिताएं
हनुमानगढ़। नगर परिषद हनुमानगढ़ चुनाव में जंक्शन के वार्ड नंबर 11 से टीम गणेश राज बंसल की निर्दलीय प्रत्याशी सोनू बंसल के समर्थन में मंगलवार रात चुनावी सभा आयोजित हुई। सभा में बड़ी संख्या में वार्डवासी शामिल हुए और सोनू बंसल को समर्थन देने का ऐलान किया। सभा को संबोधित करते हुए निर्दलीय विधायक गणेश राज बंसल ने कहा कि 2023 के विधानसभा चुनाव में हनुमानगढ़ विधानसभा क्षेत्र की जनता ने उन्हें अपना समर्थन देकर कांग्रेस और भाजपा दोनों को नकार दिया था। उन्होंने कहा कि जनता के इस विश्वास के वे हमेशा ऋणी रहेंगे। विधायक बंसल ने कहा कि उन्होंने अपनी बेटी सोनू बंसल को वार्ड 11 से चुनाव मैदान में उतारा है। उन्होंने वार्डवासियों से 11 सितंबर को होने वाले मतदान में सोनू बंसल के चुनाव चिन्ह बांसुरी के सामने बटन दबाकर उन्हें विजयी बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि सोनू बंसल को नगर परिषद में भेजने से टीम गणेश राज बंसल को मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि यदि जनता टीम गणेश राज बंसल का बोर्ड बनाने में सहयोग करती है तो प्रत्येक वार्ड में विकास कार्यों की कमी नहीं रहने दी जाएगी। विधायक ने दावा किया कि उनके पास वार्डों में विकास कार्य करवाने के लिए पांच करोड़ रुपये का सालाना विधायक कोटा है। उन्होंने आश्वासन दिया कि वार्ड में लंबित पड़े विकास कार्यों को विधायक कोटे से करवाया जाएगा और क्षेत्र की समस्याओं का प्राथमिकता से समाधान कराया जाएगा। सभा के दौरान वार्डवासियों ने सोनू बंसल के समर्थन में मतदान करने का भरोसा जताया। चुनावी सभा को लेकर वार्ड में राजनीतिक माहौल भी गर्माया नजर आया।
