– वार्ड 10 में चुनावी सभा में उमड़ा जनसमर्थन, गणेश राज बंसल बोले-समाज के समर्थन ने जीत तय कर दी
हनुमानगढ़। नगर परिषद हनुमानगढ़ चुनाव में वार्ड नंबर 10 से टीम गणेश राज बंसल के निर्दलीय प्रत्याशी नवीन बाकोलिया के समर्थन में मंगलवार रात चुनावी सभा आयोजित की गई। सभा में धानका समाज एवं बाजीगर समाज की ओर से नवीन बाकोलिया को समर्थन देने का ऐलान किया गया। समाजों के समर्थन के बाद चुनावी मुकाबले में नवीन बाकोलिया की दावेदारी मजबूत होने का संदेश सामने आया। चुनावी सभा को संबोधित करते हुए निर्दलीय विधायक गणेश राज बंसल ने कहा कि धानका और बाजीगर समाज के समर्थन ने नवीन बाकोलिया की जीत सुनिश्चित कर दी है। उन्होंने कहा कि टीम गणेश राज बंसल हमेशा जनहित के कार्यों में आगे रही है और जनता के सुख-दुख में साथ खड़ी रही है। विधायक ने कोरोना काल का जिक्र करते हुए कहा कि जब 2019 में कोरोना महामारी आई, तब जनता की मदद के लिए न तो भाजपा के लोग आगे आए और न ही कांग्रेस के। उन्होंने दावा किया कि उस समय टीम गणेश राज बंसल के सदस्यों ने जनसहयोग से दोनों शहरों में रसोइयां संचालित कीं तथा जरूरतमंद परिवारों तक घर-घर पका हुआ भोजन पहुंचाया, ताकि कोई भी जरूरतमंद परिवार भूखा न सोए। उन्होंने कहा कि कोरोना के कठिन दौर में टीम के सदस्यों ने बिना भय के लगातार तीन माह तक जरूरतमंद परिवारों की मदद की। उनके अनुसार यह सेवा किसी राजनीतिक स्वार्थ के लिए नहीं, बल्कि मानवता और सामाजिक जिम्मेदारी के भाव से की गई।
‘पार्टीबाजी से ऊपर उठकर कराया विकास’
गणेश राज बंसल ने कहा कि कोरोना काल के बाद हनुमानगढ़ शहर में हुए विकास कार्यों से शहरवासी भली-भांति परिचित हैं। उन्होंने दावा किया कि उनके कार्यकाल में शहर का विकास तेजी से हुआ और पार्टीबाजी से ऊपर उठकर सभी 60 वार्डों में बिना किसी भेदभाव के विकास कार्य करवाए गए। उन्होंने कहा कि एक समय हनुमानगढ़ शहर गांव जैसा नजर आता था, लेकिन आज यह जिला मुख्यालय के साथ-साथ ‘मिनी चंडीगढ़’ के रूप में पहचान बना रहा है। उन्होंने वार्ड 10 के मतदाताओं से टीम गणेश राज बंसल के प्रत्याशी नवीन बाकोलिया के पक्ष में मतदान कर उन्हें विजयी बनाने की अपील की। सभा के दौरान धानका एवं बाजीगर समाज के लोगों की मौजूदगी और समर्थन को टीम गणेश राज बंसल ने अपने प्रत्याशी के पक्ष में महत्वपूर्ण राजनीतिक ताकत के रूप में पेश किया।
