– कांग्रेस प्रत्याशी बोले-‘बहकावे में नहीं, काम करने वाले युवा चेहरे के पक्ष में करें मतदान’; गेटेड सोसायटी, सीसीटीवी और सीवरेज व्यवस्था को बताया प्रमुख मुद्दा
हनुमानगढ़। नगर परिषद हनुमानगढ़ चुनाव में वार्ड नंबर 39 से कांग्रेस प्रत्याशी अमित कुमार सहारण ने बुधवार को प्रचार के अंतिम दिन अपने समर्थकों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ पूरी ताकत झोंक दी। उन्होंने वार्ड में जनसंपर्क कर मतदाताओं से समर्थन मांगा और कहा कि वार्ड के विकास के लिए ऐसे युवा एवं सक्रिय प्रतिनिधि का चुनाव होना चाहिए, जो हर समय जनता के बीच उपलब्ध रहे और उनके सुख-दुख में साथ खड़ा हो। सहारण ने वार्डवासियों से अपील करते हुए कहा कि वे किसी के बहकावे में आए बिना अपनी समझ से मतदान करें। उन्होंने कहा कि ऐसे व्यक्ति को वोट दें जो उनके काम आ सके, जनता को समय दे सके और आवश्यकता पड़ने पर हर जगह उनके साथ खड़ा रह सके। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि वही बेहतर होता है जो जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं को समझे और उनके समाधान के लिए लगातार प्रयास करे।
गेटेड सोसायटी, सीसीटीवी और सीवरेज पर रहेगा फोकस
कांग्रेस प्रत्याशी ने कहा कि वार्ड की प्रमुख समस्याओं में गेटेड सोसायटी की व्यवस्था, सेक्टर नंबर 3 को बेहतर पॉश कॉलोनी के रूप में विकसित करना, सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे लगवाना तथा नालियों को ढकवाने के साथ सीवरेज व्यवस्था लागू करवाना शामिल है। उन्होंने कहा कि इन मुद्दों के समाधान के लिए प्राथमिकता से काम किया जाएगा। सहारण ने कहा कि यदि वार्ड की जनता ने उन पर विश्वास जताकर विजयी बनाया तो वे एक दिन भी घर बैठकर नहीं रहेंगे। हर वार्डवासी के लिए वे हर समय उपलब्ध रहेंगे और एक फोन पर उनकी समस्या के समाधान के लिए प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य वार्ड को शानदार, स्वच्छ, सुरक्षित और बेहतर सुविधाओं वाला वार्ड बनाना है। उन्होंने वार्ड के पार्कों को बेहतर स्वरूप देने की बात कहते हुए कहा कि पार्कों को इंदौर के पार्कों की तर्ज पर विकसित करने का प्रयास किया जाएगा, ताकि वार्डवासियों को बेहतर हरित एवं मनोरंजन स्थल मिल सकें। अमित सहारण ने वार्डवासियों से 11 सितंबर को होने वाले मतदान में क्रमांक एक पर उनके नाम के सामने हाथ के निशान के पास वाला बटन दबाकर समर्थन देने की अपील की। उन्होंने कहा कि वार्ड को बेहतर बनाने का सपना तभी साकार होगा, जब सभी वार्डवासियों का आशीर्वाद और सहयोग मिलेगा।
