- निर्दलीय विधायक गणेश राज बंसल भी पहुंचे; आरोप-प्रत्यारोप के बीच पुलिस ने संभाला मोर्चा
हनुमानगढ़। नगरीय निकाय चुनाव के द्वितीय चरण के मतदान के दौरान शुक्रवार को टाउन के वार्ड नंबर 27 स्थित राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय नंबर दो में बनाए गए मतदान केंद्र पर तीन वोट कथित रूप से फर्जी तरीके से डाले जाने के आरोप को लेकर प्रत्याशियों व उनके समर्थकों ने जमकर हंगामा किया। मौके पर तैनात पुलिस अधिकारियों ने समझाइश कर मामला शांत कराया। सूचना मिलने पर निर्दलीय विधायक गणेश राज बंसल भी मौके पर पहुंचे।

पवन मौर्य ने आरोप लगाया कि मतदान केंद्र के भाग संख्या एक में सुनीता, संदीप सहित तीन लोगों के वोट फर्जी तरीके से डाले गए। प्रत्याशी व कार्यकर्ताओं ने मतदान के दौरान इस पर आपत्ति जताई, लेकिन उनका कहना था कि एजेंट के हस्ताक्षर हो चुके हैं और अब वोट पोल किया जाएगा। उन्होंने आशंका जताई कि इस तरह कई अन्य फर्जी वोट भी डाले गए हो सकते हैं।
विधायक बोले- एजेंट को करनी चाहिए थी पहचान
मौके पर पहुंचे निर्दलीय विधायक गणेश राज बंसल ने कहा कि वार्ड 27 के प्रत्याशी की ओर से तीन फर्जी वोट डाले जाने का आरोप लगाया जा रहा है। यदि ऐसा हुआ है और वास्तविक मतदाता मतदान से वंचित रह गए हैं तो मतदान केंद्र पर मौजूद प्रत्याशी के एजेंट को उस समय मतदाता का सत्यापन करना चाहिए था। उन्होंने कहा कि पीठासीन अधिकारी प्रत्येक मतदाता को व्यक्तिगत रूप से नहीं जानता, इसलिए एजेंट की भूमिका महत्वपूर्ण होती है।
सुरेसिया विवाद पर भी विधायक ने साधा निशाना
विधायक ने सुरेसिया क्षेत्र के बूथ संख्या 129 और 130 पर हुए विवाद को लेकर भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के प्रत्याशी चुनाव हार रहे हैं, इसलिए निर्दलीय प्रत्याशियों पर झूठे आरोप लगाए जा रहे हैं। विधायक के अनुसार उनकी टीम के निरंजन नायक ने शराब के नशे में आए एक व्यक्ति को वहां से जाने के लिए कहा था। उन्होंने कहा कि बाद में वह व्यक्ति कहां से सिर फुड़वाकर आया, इसकी जानकारी नहीं है, लेकिन जानबूझकर उनकी टीम का नाम लिया जा रहा है। उन्होंने भाजपा पर हार की आशंका के चलते अनर्गल प्रचार करने का आरोप लगाया।
