हनुमानगढ़। जंक्शन स्थित चिल्ड्रन्स ड्रीम्स पब्लिक स्कूल में गुरुवार को पर्यावरण संरक्षण को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान विद्यालय में कपड़े से निर्मित थैलों की प्रदर्शनी लगाई गई, जिसमें कक्षा चौथी से आठवीं तक के विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। विशेष बात यह रही कि विद्यार्थी स्वयं अपने घरों से कपड़े के थैले बनाकर लाए। विद्यालय स्टाफ ने प्रदर्शनी का अवलोकन कर बच्चों की रचनात्मकता और पर्यावरण के प्रति जागरूकता की सराहना की। विद्यालय स्टाफ ने बच्चों को प्रेरित करते हुए कहा कि वे अपने परिवारजनों को बाजार जाते समय कपड़े के थैले उपयोग करने और प्लास्टिक की थैलियों से बचने के लिए जागरूक करें। साथ ही ग्रीष्मावकाश के दौरान विद्यार्थियों को यह प्रोजेक्ट भी दिया गया कि वे अपने आसपास के लोगों को भी कपड़े के थैलों के उपयोग के लिए प्रेरित करें। विद्यालय की प्रिंसिपल अंजू बंसल ने कहा कि वर्तमान समय में प्लास्टिक की थैलियों का अत्यधिक उपयोग पर्यावरण के लिए गंभीर खतरा बन गया है। पॉलीथिन से नालियां जाम होती हैं और कई पशु इन्हें खाकर अपनी जान गंवा देते हैं। उन्होंने कहा कि प्लास्टिक पृथ्वी को प्रदूषित कर रही है, इसलिए इसका उपयोग कम करना जरूरी है। उन्होंने बताया कि बच्चों में पर्यावरण संरक्षण की भावना विकसित करने के उद्देश्य से उन्हें घर पर कपड़े के थैले तैयार करने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही बच्चों को अपने परिजनों और समाज को भी प्लास्टिक की जगह कपड़े के थैलों के उपयोग के लिए जागरूक करने का संदेश दिया गया। विद्यालय प्रशासन ने जिलेवासियों से भी अपील की कि वे पर्यावरण संरक्षण के लिए प्लास्टिक की थैलियों का उपयोग बंद कर कपड़े के थैले अपनाएं।
