संगरिया। विश्व हृदय दिवस के अवसर पर दिव्य ज्योति जाग्रति संस्थान की ओर से संचालित आरोग्य प्रोजेक्ट के तहत संगरिया कोर्ट कैंपस में हृदय स्वास्थ्य को लेकर जागरूकता कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यक्रम में युवाओं में बढ़ते हार्ट अटैक के मामलों और इससे बचाव के उपायों पर जानकारी दी गई। कार्यक्रम में उपखंड अधिकारी जय कौशिक, तहसीलदार मोनिका बांसल, बार एसोसिएशन संगरिया के अध्यक्ष नवीन सेठी, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रमोद डेलू सहित वरिष्ठ अधिवक्ता इंद्रपाल बेनीवाल, छोटूराम बिश्नोई, रामनिवास बेदी, नरेश मंडा, संजय धारणिया, बार एसोसिएशन सचिव देवेंद्र तंवर, उपाध्यक्ष अमित डेलू सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता मौजूद रहे। गुरु आशुतोष महाराज जी की शिष्या साध्वी राजविंदर भारती ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य हृदय रोगों से बचाव, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा हृदय स्वास्थ्य के प्रति लोगों को जागरूक करना है। उन्होंने हृदय रोगों के प्रमुख जोखिम कारकों, संतुलित आहार, नियमित शारीरिक गतिविधि, तनाव प्रबंधन, धूम्रपान एवं तंबाकू से दूरी और नियमित स्वास्थ्य जांच के महत्व की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि पहले हृदय रोग को बढ़ती उम्र से जुड़ी बीमारी माना जाता था, लेकिन आधुनिक जीवनशैली और तनाव के कारण युवा भी इसकी चपेट में आ रहे हैं। ऐसे में दैनिक जीवन में छोटे-छोटे सकारात्मक बदलाव हृदय रोगों की रोकथाम में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। हृदय संबंधी आपात स्थिति में समय पर प्राथमिक सहायता और चिकित्सकीय उपचार प्राप्त करने के महत्व पर भी प्रकाश डाला गया। साध्वी प्रीति भारती ने बताया कि संस्थान की ओर से विभिन्न सामाजिक गतिविधियों के माध्यम से लोगों को स्वास्थ्य एवं अन्य विषयों के प्रति जागरूक किया जाता है। कार्यक्रम के माध्यम से न्यायिक संस्थान से जुड़े सभी लोगों को अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने और स्वस्थ जीवनशैली को दिनचर्या का हिस्सा बनाने का संदेश दिया गया। इस दौरान सरजोधन खोसा, भीम पारिक, भीम छिम्पा, अनिल भोबिया, अनिल चोयल, गुरलाल मान, जितेंद्र शर्मा, राजेश बुढ़ानिया, प्रेम भारद्वाज, जितेंद्र लोहरा, हरमीत, बलजोर एवं संदीप साहू सहित बार के अधिवक्ता मौजूद रहे।
