हनुमानगढ़। जंक्शन स्थित शहीद बाबा दीप सिंह गुरुद्वारा साहिब में शहीदी समागम के अंतर्गत इकोत्तरी पाठों की श्रृंखला बुधवार को प्रारंभ हुई। इस मौके पर इकोत्तरी में पांच श्री अखंड पाठ साहिब के भोग डाले गए, वहीं पांच परिवारों की ओर से नए श्री अखंड पाठ साहिब की विधिवत शुरुआत करवाई गई।



समागम के आरंभ से ही गुरुद्वारा परिसर में संगतों का उत्साह और आध्यात्मिक वातावरण देखने को मिला। गुरुद्वारा साहिब की प्रबंध समिति के मुख्य सेवादार रणजीत सिंह ने बताया कि यह इकोत्तरी पाठ 1 मार्च तक निरंतर जारी रहेंगे। शहीदी समागम के तहत 27 फरवरी को नगर कीर्तन निकाला जाएगा, जो पंज प्यारों की अगुवाई में नगर के प्रमुख मार्गांे से होकर निकलेगा।


मास्टर सुरेन्द्र सिंह ने बताया कि वार्षिक शहीदी समागम के अंतर्गत 12 फरवरी से अमृत वेले प्रभात फेरियां भी आरंभ की जाएंगी। ये प्रभात फेरियां नगर के विभिन्न मार्गांे से गुजरते हुए वाहेगुरु नाम की पवित्र ज्योत का प्रचार करेंगी, जिससे पूरे क्षेत्र में पवित्र एवं आध्यात्मिक वातावरण निर्मित होगा। समागम का समापन 1 मार्च को गुरुद्वारा साहिब में आयोजित दीवान के साथ होगा, जिसमें क्षेत्र की सुख-समृद्धि और खुशहाली के लिए विशेष अरदास की जाएगी। इस दौरान खुले दीवान सजाए जाएंगे तथा संगत गुरबाणी का श्रवण कर आध्यात्मिक आनंद प्राप्त करेगी।
