हनुमानगढ़। जंक्शन थाना पुलिस ने थाना क्षेत्र में संदिग्धावस्था में घूम रहे नौ युवकों को अलग-अलग जगहों से शांतिभंग की आशंका में गिरफ्तार किया। पुलिस ने इन युवकों से घूमने का कारण पूछा तो वे उत्तेजित हो गए और मरने-मारने पर उतारु हो गए। पुलिस ने किसी अपराध की संभावना को टालने के लिए सभी को शांतिभंग की आशंका में गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार रविवार रात्रि को जंक्शन थाना के एएसआई कालूराम के नेतृत्व में टीम गश्त कर रही थी। गश्त के दौरान डीएसटी इन्चार्ज एसआई सुशील कुमार ने दूरभाष के जरिए सूचना दी कि उन्होंने कुछ लड़कों को पूछताछ करने के लिए सूरतगढ़ रोड स्थित जिला कारागृह के सामने पुराने होटल की खण्डहर बिल्डिंग के सामने रोक रखा है। सूचना पर टीम मौके पर पहुंची तो डीएसटी इन्चार्ज सुशील कुमार मय टीम मिले। वहीं 6-7 जवान उम्र के लड़के खड़े मिले। उनसे नाम-पता व यहां घूमने का कारण पूछा तो सभी लड़के आवेश में आ गए व कहने लगे कि वे उन्हें बेवजह परेशान कर रहे हैं।

यह कहते हुए नाम-पता बताने से इन्कार कर दिया। दोबारा पूछताछ की तो इनकी पहचान राहुल (24) पुत्र राजकुमार निवासी वार्ड तीन, आईटीआई बस्ती, जंक्शन, हरदीप (24) पुत्र टेक सिंह निवासी ढिल्लों, जंक्शन, प्रिन्स उर्फ प्रवीण (22) पुत्र नरेन्द्र कुमार निवासी वार्ड 10, पुरानी खुन्जा, जंक्शन, सन्नी (19) पुत्र रोशनलाल निवासी वार्ड 10, सैक्टर 12, पुरानी खुन्जा, जंक्शन, मानू (19) पुत्र मनोज कुमार निवासी वार्ड 10, पुरानी खुन्जा, जंक्शन, विक्की (21) पुत्र राजू निवासी वार्ड 20, आईटीआई कॉलोनी, जंक्शन के रूप में हुई।

जिला कारागृह के पास घूमने का कारण पूछा तो वे कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए तथा टीम से लगातार उलझते रहे व परिशांति भंग करने पर उतारू हो गए। समझाइश बेअसर रहने तथा संभावित अपराध की परिकल्पना होने पर टीम ने सभी छह युवकों को संज्ञेय अपराध रोकने के लिए बीएनएस की धारा 170 के तहत संदेह के आधार पर गिरफ्तार कर लिया। इसी प्रकार पुलिस ने चन्दन स्वामी (25) पुत्र महेश स्वामी निवासी वार्ड 17, ढिल्लों कॉलोनी, जंक्शन, अमन सिंह (23) पुत्र बलवन्त सिंह निवासी वार्ड 16, गांधीनगर, जंक्शन व दीपक बागड़ी (19) पुत्र भंवर लाल धानक निवासी वार्ड 17, ढिल्लों कॉलोनी, जंक्शन समझाइश के बावजूद मरने-मारने पर उतारु होने पर बीएनएस की धारा 170 के तहत गिरफ्तार किया।

