हनुमानगढ़। शादी के नाम पर 1.5 लाख रुपए हड़पने का आरोप लगाते हुए सुरेन्द्र पाल सिंह पुत्र भजनसिंह निवासी वार्ड 6, गांव अहमदपुरा तहसील पीलीबंगा ने मंगलवार को पुलिस अधीक्षक से लिखित शिकायत की। सुरेन्द्र पाल ने बताया कि उसके पुत्र तरसेम सिंह के रिश्ते की बात उनके परिचितों और रिश्तेदारों के माध्यम से चल रही थी। इसी बीच उनकी बहन अंग्रेज कौर ने मलकीत सिंह नामक व्यक्ति की जानकारी दी, जिसने अपने साथ एक युवक सोनू लेकर आकर रिश्ता तय कराने का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि लड़की गरीब घर की है और शादी का खर्चा प्रार्थी को उठाना पड़ेगा। मुल्जिमान की बातों पर भरोसा करते हुए सुरेन्द्र पाल ने एक लाख पचास हजार रुपए नकद मुलकीत सिंह और उसके साथियों को सौंप दिए। प्रार्थी ने बताया कि बाद में जब उन्होंने शादी की तारीख तय करने के लिए दबाव डाला तो मुल्जिमान ने रिश्ता पक्का करने से साफ इनकार कर दिया। जब पैसे वापस मांगे गए, तो आरोपियों ने कहा कि हमें तो आपके साथ ठगी करनी थी, अब आपसे जो होता है कर लो। सुरेन्द्र पाल ने आरोप लगाया कि इस पूरे षड़यंत्र में उसकी बहन अंग्रेज कौर, मलकीत सिंह, सोनू, साहब सिंह बराड़, विनोद कुमार और नरेन्द्र चौधरी भी शामिल थे। सुरेन्द्र पाल सिंह के अनुसार उसने 12 फरवरी को पुलिस थाना पीलीबंगा में प्रार्थना पत्र भी दिया था, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने पुलिस अधीक्षक से आग्रह किया है कि आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्यवाही की जाए।
