हनुमानगढ़। प्लॉट दिलाने के नाम पर एक दिहाड़ी मजदूर से 1 लाख 90 हजार रुपए की ठगी करने का मामला सामने आया है। इस संबंध में मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट के आदेश पर हनुमानगढ़ जंक्शन थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार परिवादी पालासिंह पुत्र लक्ष्मण सिंह निवासी वार्ड 57, सुरेशिया, हनुमानगढ़ जंक्शन ने अदालत में इस्तगासा पेश कर बताया कि वह दिहाड़ी मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता है। उसकी पहचान मनदीप सिंह पुत्र गुरजंट सिंह निवासी गांधीनगर, वार्ड 10, हनुमानगढ़ जंक्शन से थी, जो प्रॉपर्टी डीलिंग का कार्य करता है। परिवादी के अनुसार कुछ समय पहले उसने अनूपगढ़ में अपना एक प्लॉट बेचा था, जिससे उसके हिस्से में कुछ राशि आई थी। उसने मनदीप सिंह से हनुमानगढ़ में एक प्लॉट खरीदने की इच्छा जताई। इस पर मनदीप सिंह ने बताया कि उसकी नजर में करीब 1 लाख 90 हजार रुपए कीमत का एक प्लॉट है और वह बात कर सकता है। इस पर पालासिंह ने बताया कि उसके पास 1 लाख 50 हजार रुपए नकद हैं और शेष 40 हजार रुपए वह अपनी पुत्री के खाते से निकालकर दे देगा। इसके बाद उसने कुल 1 लाख 90 हजार रुपए मनदीप सिंह को दे दिए। परिवादी का आरोप है कि रकम लेने के बाद भी आरोपी ने न तो उसे कोई प्लॉट दिलाया और न ही पैसे वापस किए। कई बार मांग करने पर आरोपी ने कहा कि पैसे खर्च हो गए हैं, लेकिन जल्द लौटा देगा। बाद में 21 जुलाई 2025 को 100 रुपए के स्टाम्प पर लिखित समझौता कर आरोपी ने 45 हजार रुपए वापस दिए और बाकी 1 लाख 45 हजार रुपए दो माह में यानी 21 सितंबर 2025 तक लौटाने का आश्वासन दिया। यह लिखापढ़ी मनोनीत वार्ड पार्षद हाकम सिंह के घर पर हुई। परिवादी का आरोप है कि तय समय गुजर जाने के बाद भी आरोपी ने शेष राशि नहीं लौटाई और बार-बार टालमटोल करता रहा। 24 अक्टूबर 2025 को जब उसने दोबारा पैसे मांगे तो आरोपी ने साफ इनकार कर दिया और धमकी दी कि उसने कई लोगों के साथ ऐसी ठगी की है और उसका कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच एएसआई सुभाषचंद्र को सौंपी है।
