सवाई माधोपुर। जिले के गंगापुर सिटी-जयपुर हाईवे पर सोमवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि परिवार का मुखिया गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे में सास, बहू और एक साल के मासूम बच्चे ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई। जानकारी के अनुसार यह हादसा सोमवार दोपहर करीब 1:30 बजे गंगापुर सिटी-जयपुर हाईवे पर खूंटला और बाढ़ कलां के बीच हुआ। बताया जा रहा है कि गंगापुर सिटी की काजी कॉलोनी निवासी साजिद (25) पुत्र फखरुद्दीन अपने परिवार के साथ डाबर गांव में एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए बाइक से जा रहा था। बाइक पर साजिद के साथ उसकी पत्नी नरगिस (22), एक वर्षीय बेटा अलमीर और मां बानो (60) भी सवार थीं। जैसे ही परिवार शहर से कुछ दूरी पर हाईवे पर पहुंचा, पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार रोडवेज बस ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक पर सवार चारों लोग सड़क पर दूर तक गिर गए और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा होते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। राहगीरों और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तुरंत गवर्नमेंट हॉस्पिटल गंगापुर सिटी पहुंचाया गया। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद नरगिस, बानो और मासूम अलमीर को मृत घोषित कर दिया। वहीं, बाइक चला रहा साजिद गंभीर रूप से घायल पाया गया, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है। गंगापुर सिटी सदर थाने के हेड कॉन्स्टेबल प्यारे लाल ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई और घटनास्थल का जायजा लिया। दुर्घटना के बाद मृतकों के शवों को अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया गया है। पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिए जाएंगे। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दुर्घटना तेज रफ्तार के कारण हुई। टक्कर मारने के बाद बस चालक बस सहित मौके से फरार हो गया। पुलिस ने बस और चालक की तलाश के लिए आसपास के क्षेत्रों में नाकाबंदी कर दी है और संभावित मार्गों पर निगरानी बढ़ा दी गई है। परिजनों के अनुसार साजिद मोबाइल रिपेयरिंग का काम करता है और अपने परिवार के साथ खुशी के माहौल में शादी समारोह में शामिल होने जा रहा था। लेकिन रास्ते में हुए इस दर्दनाक हादसे ने परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया। घटना की खबर जैसे ही काजी कॉलोनी और आसपास के इलाके में पहुंची, लोगों में शोक और आक्रोश का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से हाईवे पर तेज रफ्तार वाहनों पर सख्ती से नियंत्रण करने की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और फरार बस चालक को जल्द गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।
