हनुमानगढ़। टाउन स्थित नई आबादी की पंचायती धर्मशाला में एक सप्ताह से चल रही श्री शिवपुराण कथा का शुक्रवार को समापन हुआ। समापन मौके पर हनुमानगढ़ सेवा समिति (भारत क्लब) सदस्यों की ओर से कथा आयोजक समाजसेवी नीरज सिंगल एवं उनके परिवार सहित कथावाचक और सहयोगियों का सम्मान किया गया। समिति के सचिव सुनील धूड़िया ने बताया कि समाजसेवी नीरज सिंगल की ओर से समय-समय पर विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक गतिविधियों का आयोजन किया जाता है। इसी क्रम में 1 अगस्त से 7 अगस्त तक पंचायती धर्मशाला में श्री शिवपुराण कथा का आयोजन कराया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने हिस्सा लेकर धर्म लाभ अर्जित किया। कथा के समापन समारोह में हनुमानगढ़ सेवा समिति के पदाधिकारियों ने कथा आयोजक नीरज सिंगल एवं उनके परिवार को स्मृति चिन्ह भेंट कर तथा साफा पहनाकर सम्मानित किया। साथ ही कथावाचक इन्द्राज शास्त्री, नगर परिषद के पूर्व सभापति सुमित रणवां, पंचायती धर्मशाला के अध्यक्ष महेंद्र शर्मा, मैनेजर सुखराम वर्मा, अनिल शर्मा, गोपाल, संजू, भवानी शंकर एवं कथा आयोजन में सहयोग देने वाले अन्य सहयोगियों का भी साफा पहनाकर अभिनंदन किया गया। इस मौके पर समिति के मनीशंकर जलंधरा, विनोद गर्ग, डॉ. मोहनलाल शर्मा, कृष्णावतार शर्मा, जितेंद्र जिंदल सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं श्रद्धालु मौजूद रहे।
