हनुमानगढ़। डॉ. भीमराव अंबेडकर के जन्म पखवाड़े के उपलक्ष्य में रविवार को गांव रामसरा नारायण के थेड़ी गंगानी में रक्तदान शिविर एवं विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं युवाओं ने हिस्सा लिया। आयोजन का उद्देश्य बाबा साहेब के विचारों को जन-जन तक पहुंचाना तथा समाज में सेवा और समरसता की भावना को बढ़ावा देना रहा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक गणेश राज बंसल, ग्राम पंचायत प्रशासक प्रतिनिधि हरदीप सिंह रोड़ीकपुरा, विकास गुप्ता, सामाजिक समरसता मंच के अध्यक्ष रामप्रताप भाट, नायक समाज के प्रदेशाध्यक्ष नारायण नायक, प्रहलाद टाक, भाजपा नेता सुरेन्द्र जलंधरा तथा कांग्रेस उद्योग प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष सुरेन्द्र मारवाल रहे। इस मौके पर आयोजित रक्तदान शिविर में कुल 72 यूनिट रक्त संग्रहित हुआ। रक्त संग्रहण का कार्य राजकीय अस्पताल के ब्लड बैंक की टीम ने किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक गणेश राज बंसल ने कहा कि बाबा साहेब डॉ. अंबेडकर ने समाज के वंचित वर्गांे को अधिकार दिलाने के लिए अपना जीवन समर्पित किया। उनके विचार आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे शिक्षा और जागरूकता के माध्यम से समाज को आगे बढ़ाने में योगदान दें। सामाजिक समरसता न्याय मंच के अध्यक्ष रामप्रताप भाट ने कहा कि समाज में समानता और भाईचारे की भावना को मजबूत करना समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब के विचारों को आत्मसात कर हम एक समरस और सशक्त समाज का निर्माण कर सकते हैं। हरदीप सिंह रोड़ीकपुरा व नारायण नायक ने कहा कि सामाजिक एकता और सहयोग के बिना समाज का विकास संभव नहीं है। उन्होंने ऐसे आयोजनों को समाज के लिए उपयोगी बताते हुए अधिक से अधिक लोगों को इसमें भाग लेने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम का मंच संचालन लीलाधर टाक ने किया। इस मौके पर राजेश जिनागल, विनोद, अजय, हरदयाल माहर, गुरदीप धालीवाल, डूंगरराम चौपड़ा, जसकरण सिंह, गोकुल जिनागल सहित अन्य का सहयोग रहा।
