–15 अप्रैल को भव्य शोभायात्रा, 17 अप्रैल को जागरण व भंडारा
हनुमानगढ़। टिब्बी रोड स्थित श्री श्याम मंदिर, गुरुसर धाम में आयोजित होने वाले 34वें श्री श्याम वार्षिकोत्सव को लेकर तैयारियां जोरों पर हैं। “हारे का सहारा, जय श्री श्याम हमारा” के जयकारों के बीच प्रचार रथ को विधिवत रवाना किया गया, जिससे पूरे क्षेत्र में भक्तिमय वातावरण बन गया। प्रचार रथ को मुख्य यजमान दिनेश बंसल एवं प्रयाग जिंदल ने पुजारी इंद्राज सेवदा और रामावतार सेवदा के सानिध्य में पूजा-अर्चना कर रवाना किया। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। नवयुवक श्रृंगार मंडल के प्रधान संजय अग्रवाल के नेतृत्व में कमल बंसल, अमित बंसल, अंकुर अरोड़ा, मोनू बंसल, मोहित मिमानी, दीपक मीणा, करण बंसल, सौरव गोयल, शानू गोयल सहित अन्य सदस्य आयोजन की तैयारियों में सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं। संस्थापक ब्रह्मलीन श्री हरीराम जी सेवदा की प्रेरणा से आयोजित इस वार्षिकोत्सव के तहत 15 अप्रैल 2026 को सुबह 9:15 बजे विशाल शोभायात्रा दुर्गा मंदिर धर्मशाला (जंक्शन) से प्रारंभ होगी। यह शोभायात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से होती हुई अग्रवाल धर्मशाला पहुंचेगी, जहां विश्राम के पश्चात पुनः मुख्य मार्गों से होते हुए श्री श्याम मंदिर, गुरुसर धाम पहुंचेगी। इसके अतिरिक्त 17 अप्रैल 2026 को सायं 8 बजे से विशाल जागरण एवं भंडारे का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान भजन-कीर्तन के माध्यम से श्रद्धालु बाबा श्याम की भक्ति में लीन होंगे तथा प्रसाद वितरण किया जाएगा। आयोजन समिति ने अधिक से अधिक श्रद्धालुओं से शोभायात्रा, जागरण एवं भंडारे में भाग लेकर आयोजन को सफल बनाने की अपील की है। साथ ही निशान उठाने के इच्छुक श्रद्धालुओं के लिए पुजारियों के संपर्क नंबर भी जारी किए गए हैं।
